तीन महीने बाद कब्र से निकला महिला का शव, पति ने करंट लगाकर ली थी जान; ऐसे हुआ खुलासा
कानपुर में एक दिल दहला देने वाला खुलासा हुआ है, जहां तीन महीने पहले पति ने अपनी पत्नी की करंट लगाकर हत्या कर दी थी. वारदात के बाद शव को दफना दिया गया. तीन महीने बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया. वहीं रिपोर्ट में पुष्टि होने पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक महिला के मौत के तीन महीने बाद सनसनीखेज खुलासा हुआ है. इस महिला की हत्या खुद उसके पति ने ही बिजली का करंट लगाकर की थी. वारदात के बाद आरोपी ने शव को दफन कर दिया था. हालांकि अब शिकायत मिलने पर पुलिस ने तीन महीने बाद शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया. वहीं रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को अरेस्ट कर लिया है. मामला कानपुर में बेकनगंज थाना क्षेत्र का है.
पुलिस के मुताबिक यहां 27 मई 2026 को करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई थी. इसके बाद महिला के परिजनों ने मुस्लिम रीति रिवाज के साथ शव को दफना दिया था. बाद में पुलिस को शिकायत मिली कि महिला की मौत किसी हादसे में नहीं, बल्कि उसके पति द्वारा करंट लगाकर की गई है. इस शिकायत के बाद एक्शन में आई पुलिस ने मजिस्ट्रेट की अनुमति से करीब तीन महीने बाद शव कब्र से निकाकर पोस्टमार्टम कराया है.
पीएम रिपोर्ट में हुई वारदात की पुष्टि
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही जांच के दौरान मिले अन्य साक्ष्यों को भी पुलिस ने मामले में महत्वपूर्ण माना है. इन साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मृत महिला निशा के पति को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था और महिला को कथित तौर पर करंट कैसे और किन परिस्थितियों में लगाया गया.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है. आरोपी से पूछताछ के साथ घटनास्थल और संबंधित लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. करीब तीन महीने पहले दफन हो चुका शव दोबारा कब्र से निकलवाने और पोस्टमार्टम के बाद मामले में पति की गिरफ्तारी से पूरे घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है. अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि अगर पति ने हत्या की तो उसके पीछे की क्या वजह थी.