छत से धक्का देकर हुई थी प्रखर की मौत? NRI सिटी कांड में नया मोड़; पिता, दादा-दादी समेत चार पर FIR
कानपुर के NRI सिटी में 13 वर्षीय प्रखर त्रिवेदी की संदिग्ध मौत अब हत्याकांड बन गई है. मां की गुहार के बावजूद पुलिस ने पहले एफआईआर दर्ज नहीं की थी. अब कोर्ट के आदेश पर पिता, दादा-दादी समेत चार पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है. मां ने संपत्ति विवाद और उत्पीड़न को हत्या का कारण बताया.
कानपुर के NRI सिटी में बीते साल 13 वर्षीय प्रखर त्रिवेदी की 9वें माले से गिरकर मौत हो गई थी. अब इस हाई प्रोफाइल मामले में नया मोड़ आ गया है. संदिग्ध मौत अब हत्याकांड बन गई है. मां की गुहार के बावजूद पुलिस ने पहले FIR दर्ज नहीं की थी. अब कोर्ट के आदेश पर नवाबगंज पुलिस ने पिता, दादा-दादी समेत चार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है.
पुलिस ने मृतक के पिता सुधांशु त्रिवेदी उर्फ लव, दादा राजकिशोर त्रिवेदी, दादी सुमनलता और उसके ताऊ सौरभ त्रिवेदी उर्फ हनी पर मुकदमा दर्ज किया है. FIR के बाद इंस्पेक्टर नवाबगंज और टीम ने शनिवार शाम जांच के लिए प्रखर के घर, एनआरआई सिटी के टोपाज टावर-3 स्थित अपार्टमेंट पहुंचे. लेकिन घर के दरवाजे पर ताला पड़ा मिला.
दादा ने कहा था, गेम खेलने पर डांट से नीचे कूदा
मृतक किशोर की मां बोस्की त्रिपाठी के वकील अयाज अहमद खान के अनुसार, बाद में रविवार को पुलिस मृतक की मां को जांच के लिए वहां लेकर पहुंची. साथ ही पुलिस ने उस ट्यूशन टीचर को भी घटनास्थल पर जांच के दौरान पूछताछ के लिए बुलाया, जो घटना के समय प्रखर को पढ़ाने अपार्टमेंट पहुंची थी. मृतक के दादा-दादी के बयान में उसका नाम था.
दरअसल, मृतक प्रखर के दादा दादी ने बयान दिया था कि इसी युवति (प्रखर की ट्यूशन टीचर) ने जब होमवर्क करने के बजाए वीडियो गेम खेलते रहने की शिकायत की थी. इसपर दादी ने उसको डांट दिया, जिससे क्षुब्ध होकर 13 वर्षीय प्रखर जाकर फ्लैट के छज्जे से नीचे कूद गया, जिससे उसके दर्दनाक मौत हो गई थी. जबकि मां ने इस बयान को सफेद झूठ बताया.
मां ने संपत्ति विवाद में हत्या करने का लगाया आरोप
मृतक की मां बोस्की ने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप पति और ससुरालियों पर लगाया था. उनका कहना था कि शराब के लती पति सुधांशु और जेठ मारपीट और प्रताड़ना करता था. उसने पति पर घरेलू हिंसा और गुजारे का मुकदमा कर रखा था. सालों से ससुराल छोड़ पिता के पास रह रही थीं. ससुरालियों ने बेटे को जबरन अलग करके अपने पास रख रखा था.
आरोप है कि पति, सास, ससुर और जेठ सौरभ लगातार बेटे को मानसिक और शारीरिक टॉर्चर कर बोस्की से अपने पिता की पूरी प्रॉपर्टी प्रखर के नाम करवाने का दबाव बनाते थे, मिलने भी नहीं देते थे. कहा सफल नहीं होने पर 16 दिसंबर, 2025 की शाम बेटे को छत से फेंककर जान से मार डाला. अब कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
