अस्पताल मालिक-भांजे ने नर्स को बनाया बंधक, फिर ऑपरेशन थिएटर में की दरिंदगी; वीडियो भी बनाया

कानपुर के एक अस्पताल में नर्स के साथ रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. अस्पताल मालिक और उसके भांजे पर आरोप है कि उन्होंने नर्स को बंधक बनाकर कई बार दुष्कर्म किया और उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया. वहीं पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट किया है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक नर्स के साथ रेप का मामला सामने आया है. आरोप है कि अस्पताल के मालिक और उसके भांजे ने मिलकर नर्स को बंधक बनाया था और फिर रेपकर उसका वीडियो बना लिया. पीड़िता के विरोध करने पर आरोपियों ने वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी. पीड़िता ने इस संबंध में कानपुर के घाटमपुर थाना पुलिस में शिकायत दी है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि वह घाटमपुर स्थित श्रीजी हॉस्पिटल में नर्स के रूप में कार्य करती है. 16 अगस्त को अस्पताल संचालक सत्यम सैनी ने इमरजेंसी डिलीवरी के बहाने उसे फोन कर बुलाया और कार से जहानाबाद रोड स्थित एक होटल में ले गया. जहां आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. इस दौरान आरोपी आपत्तिजनक फोटो-वीडियो भी बनाए. उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसके भाई हिमांशु को जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी.

अस्पताल में भी किया रेप

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उस समय वह चुप रह गई, लेकिन इसके बाद सत्यम सैनी और उसके भांजे ललित सैनी ने उसे अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में बंधक बनाकर कई बार दुष्कर्म किया. यही नहीं, आरोपियों ने बार बार उसकी आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर मुंह बंद करने की कोशिश की. पीड़िता के मुताबिक आरोपी ललित सैनी 31 अगस्त को भी भी उसे जहानाबाद रोड स्थित होटल ले गया, जहां भी उसके साथ दरिंदगी की.

परेशान होकर पुलिस में दी तहरीर

पीड़िता के मुताबिक रोज रोज की हैवानियत और जलालत से वह तंग आ चुकी थी. इसलिए उसने खुद पुलिस में आकर आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है. घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया के मुताबिक पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Follow Us