थप्पड़ जड़ा, कंधे पर लादकर घसीटा… रात 2 बजे कानपुर की सड़कों पर पुलिस का तांडव- VIDEO

कानपुर में "बाइक चेकिंग" की आड़ में पुलिस की अमानवीयता सामने आई है. रात के 2 बजे एक दरोगा ने पहले क्रॉसिंग पर खड़े युवकों को थप्पड़ मारकर गिरा दिया और फिर उन्हें जबरन अपने कंधों पर घसीटते हुए ले गए. इस घटना से लोगों में काफी गुस्सा है. लोग पुलिस कमिश्नर से दरोगा को सस्पेंड करने की मांग कर रहे हैं.

रात 2 बजे बाइक सवार को घसीटते दारोगा

कानपुर में “बाइक चेकिंग” की आड़ में पुलिस की अमानवीयता सामने आई है. जहां रात के दो बजे सड़कों पुलिस की बेरहमी देखने को मिली है. क्रॉसिंग पर खड़े युवकों को पुलिस ने न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे जबरन हेलमेट समेत अपने कंधों पर लादकर घसीटते हुए भी दिखा गया. पुलिस के इस बेरहम बर्ताव का यह वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है.

जानकारी के मुताबिक, यह घटना कानपुर के सीसामऊ थाने में रात के सन्नाटे की है. इस समय ज्यादातर लोग घरों में आराम कर रहे होते हैं, कुछ इमरजेंसी में अस्पताल दौड़ रहे होते हैं, कोई नाइट ड्यूटी से लौट रहा होता है. युवक को घसीटने और थप्पड़ मारने की घटना से आम जनता में भारी आक्रोश है. सवाल उठ रहे हैं कि क्या रात में निकलना अपराध है?

ये चेकिंग नहीं, बल्कि बाहुबल का प्रदर्शन

वायरल वीडीयो में ये चेकिंग नहीं, बल्कि तानाशाही और बाहुबल का प्रदर्शन लगता है. सीसामऊ थाने की पुलिस पहले- एक स्कूटी सवार युवक को पकड़ता है. उसके पास कुछ कागजात होते हैं, कुछ नहीं फिर भी स्कूटी जब्त कर ली जाती है और लड़कों को धमकाकर भगा दिया जाता है- “चल, कागज लेकर आ!” क्या ये तरीका सही है?

फिर आता है असली ड्रामा. विजय नगर जाने वाले रास्ते पर जरीफ चौकी क्रॉसिंग के पास युवक बाइक पर खड़े हैं. क्रॉसिंग खराब होने के कारण वे रुक गए थे. इतने में दारोगा राजेश कुमार सिंह पहले रेलवे कर्मचारी पर भड़कते हैं, फिर बाइक वालों पर टूट पड़ते हैं. एक युवक कुछ बोलता है तो जोरदार थप्पड़ मार देते हैं, वह युवक सड़क पर गिर जाता है.

दारोगा को तुरंत निलंबित करने की उठी मांग

दारोगा राजेश कुमार सिंह इसके बाद भी नहीं रुकते हैं. वह फिर उस युवक पर टूट पड़ते हैं. उसे हेलमेट सहित कंधे पर लादकर थाने की खड़ी जीप की तरफ ले जाते हैं. जबकि चार पुलिस वाले आसपास खड़े हैं, लेकिन कोई आगे आकर नहीं रोकता है. लोगों का कहना है कि क्या ये पुलिस का काम है या गुंडे का? क्या युवक कोई अपराधी था?

ये घटना सिर्फ एक वीडियो नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की सोच को उजागर करती है. स्थानीय लोगों ने कानपुर पुलिस कमिश्नर से दारोगा राजेश कुमार सिंह को तुरंत निलंबित करने की मांग की है. साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए. अगर युवकों की गलती थी तो वो भी सामने आए, लेकिन पुलिस की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जा सकती.

Follow Us