कानपुर में दर्दनाक हादसा, रात से लापता दो दोस्तों की नहर में मिली कार, दोनों की मौत
कानपुर के सचेंडी में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां दो दोस्त नहर में कार डूबने से मृत पाए गए. युवक सोमवार रात से लापता थे. सीसीटीवी फुटेज से उनकी कार का सुराग मिला, जिसके बाद तलाशी अभियान तेज किया गया. पानी से कार बाहर निकालने पर दोनों के शव मिले.
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो दोस्तों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. दोनों युवक सोमवार रात से अपने घर नहीं लौटे थे. परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की. तलाश के दौरान ग्राम बछुआपुर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दोनों की कार जाते हुए दिखाई दी.
इसके बाद पुलिस ने उसी दिशा में तलाश तेज कर दी. इसी दौरान सड़क किनारे पानी में एक कार दिखाई दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को पानी से बाहर निकलवाया. कार की जांच के दौरान दोनों युवकों के शव उसमें बरामद हुए. पुलिस को मंगलवार सुबह 11 बजे सूचना मिली कि अंकित और दीपक पाण्डेय, जो आपस में मित्र थे, लापता हो गए हैं.
कार पानी में डूबी थी, अंदर थे दोनों के शव
सूचना मिलते ही सचेंडी पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की और संभावित स्थानों पर छानबीन की. तलाश के दौरान पुलिस को ग्राम बछुआपुर के पास सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिला. फुटेज में दोनों युवकों की कार उस मार्ग से गुजरती हुई दिखाई दी. इसके आधार पर पुलिस टीम ने आगे के रास्ते और आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की.
इसी दौरान सड़क किनारे पानी में एक कार दिखाई दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को पानी से बाहर निकलवाया. कार की जांच के दौरान दोनों युवकों के उसमें होने की पुष्टि हुई. इसके बाद फ्लड पीएसी की सहायता से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया और दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला गया. हालांकि, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.
कार सड़क से बेकाबू होकर पानी में कैसे पहुंची?
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के लिए भेज दिया है. हादसे की परिस्थितियों और मौत के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार सड़क से अनियंत्रित होकर पानी में कैसे पहुंची. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है.
सहायक पुलिस आयुक्त पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि दोनों युवकों के लापता होने की सूचना के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की थी. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश करते हुए सड़क किनारे पानी में कार मिली, जिसमें दोनों युवक मृत अवस्था में पाए गए. मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है.
