सुसाइड ही कर लूं क्या… ‘ठाकुर गर्ल’ का नया वीडियो, बोली- चरित्र पर उछाला जा रहा कीचड़

कानपुर की ठाकुर गर्ल आस्था सिंह का नया वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है. इसमें वह चरित्र हनन से निराश होकर सुसाइड के विचार व्यक्त कर रही हैं. यह विवाद उनकी पूर्व सहकर्मी ऋतु त्रिपाठी से जुड़ा है. दोनों एक-दूसरे पर मानहानि का मुकदमा करने की तैयारी में हैं, जिससे सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है.

कानपुर की बैंकर आस्था सिंह और ऋतु त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश में कानपुर की ठाकुर गर्ल आस्था सिंह का एक नया वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. खुद को ठाकुर बताकर विरोधी की बोलती बंद कर देने वाली एचडीएफसी बैंक की कर्मचारी आस्था सिंह इस वीडियो में बहुत निराश नजर आ रही हैं. कह रही हैं कि उनके चरित्र पर कीचड़ उछाला जा रहा है. उन्हें डिफेम किया जा रहा है. चरित्र से बड़ा दाग और क्या हो सकता है. ऐसे में मन कर रहा है कि सुसाइड ही कर लूं.

आस्था सिंह ने कहा कि अब बहुत हो गया. चीजें बर्दाश्त के बाहर जा रही हैं. अब वह ऋतु त्रिपाठी और उनके परिवार के खिलाफ मुकदमा जरूर दर्ज कराएंगी. इनके खिलाफ मानहानि का दावा भी करेंगी. दूसरी ओर ऋतु त्रिपाठी ने भी आस्था सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंची ऋतु त्रिपाठी ने कहा कि उन्होंने कोई वीडियो सोशल मीडिया में नहीं डाला. ना ही किसी वीडियो को वायरल करने में उनका कोई हाथ है. ऋतु त्रिपाठी के मुताबिक लोग सोशल मीडिया में उन्हें धमकी दे रहे हैं. अब वह खुद आस्था सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगी.

डीएम से मिला बैंक प्रबंधन

लगातार विवाद बढ़ते देख एचडीएफसी बैंक प्रबंधन ने खुद कानपुर डीएम से मुलाकात की और इस पूरे प्रकरण से उन्हें अवगत कराते हुए हस्तक्षेप की मांग की. बैंक प्रबंधन के मुताबिक इन दो महिलाओं की जंग में बैंक की शाख प्रभावित हो रही है. बता दें कि हाल तक बैंक की एक ही शाखा में एक साथ काम करने वाली आस्था सिंह और ऋतु त्रिपाठी के बीच छह फरवरी को विवाद हो गया था. उस दिन ऋतु त्रिपाठी बैंक में रिजाइन करने आई थी. इस घटना का वीडियो तीन दिन बाद 9 फरवरी को वायरल हुआ और देखते ही देखते यह विवाद ‘ठाकुर-ब्राह्मण’ की रार तक पहुंच गया है.

ट्रेंडिंग में हैं दोनों पक्ष के वीडियो

इस विवाद से जुड़े दोनों पक्षों के वीडियो ट्रेंड में हैं. एक पक्ष की ओर से ठाकुर गर्ल नाम से वीडियो ट्रेंड कराया जा रहा है तो दूसरा पक्ष भी अपने तरीके से हैसटैग के साथ वीडियो डाल रहा है. इन वीडियो को देखकर सोशल मीडिया यूजर भी कभी स्वाभिमान और सम्मान की बात कर रहे हैं तो कोई इसपर मजे ले रहा है. उधर, पनकी थाने के इंस्पेक्टर मनोज सिं ह भदौरिया ने बताया कि आईजीआरएस पर शिकायत आई है और इस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है.