बॉयफ्रेंड से बात कर रही थी महिला, पति ने टोका तो घोंप दिया चाकू; 11 दिन बाद हो गई मौत
कानपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है जहां एक महिला ने अपने पति को चाकू घोंपकर मार डाला. पति ने उसे प्रेमी से फोन पर बात करने से रोका था. 5 जून की शाम हुई यह वारदात आपसी विवाद से शुरू हुई और 11 दिन के इलाज के बाद पति की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. यहां एक महिला ने अपने ही पति के पेट में चाकू घोंपकर जान ले ली है. वारदात कानपुर के फीलखाना क्षेत्र के बालाजी धाम में 5 जून की शाम की है. वारदात के बाद गंभीर रूप से घायल पति ने 11 दिन तक चले इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाले मनीष गुप्ता (45) किराना बाजार में ब्रोकर का काम करते थे. लगभग आठ वर्ष पहले उन्होंने निहारिका कश्यप नामक युवती से लव मैरिज किया था. शुरू में तो सब ठीक रहा और शादी के दो साल बाद ही इन्हें एक बेटा भी हुआ. बाद में निहारिका सोशल मीडिया के जरिए जम्मू निवासी एक युवक के संपर्क आई और धीरे-धीरे दोनों में प्रेम संबंध हो गया. मृतक के पिता रामकिशोर गुप्ता के मुताबिक निहारिका तीन साल से अपने प्रेमी से बात करती है.
आए दिन होने लगा था झगड़ा
रामकिशोर गुप्ता ने पुलिस को बताया कि निहारिका के प्रेम संबंध को लेकर उनके बेटे के साथ आए दिन झगड़ा होने लगा था. उनका बेटा मनीष इस प्रेम संबंध का विरोध करता था. इसी क्रम में पांच जून की शाम को भी निहारिका अपने प्रेमी से फोन पर बात कर रही थी. इसके लिए मनीष ने टोका तो दोनों में कहासुनी हुई. इसके बाद निहारिका ने रसोई में से चाकू उठाकर मनीष के पेट में घोंप दिया. आनन फानन में मनीष को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत को देखते हुए हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया.
11 दिन बाद हुई मौत
परिजनों के मुताबिक 11 दिनों तक हैलेट अस्पताल में मनीष का इलाज चला, लेकिन आखिर में उसने मंगलवार को दम तोड़ दिया. परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अस्पताल में मनीष को होश आया था. इस दौरान उसने वारदात की पूरी कहानी बयां की थी. बताया कि वारदात के वक्त निहारिका का प्रेमी फोन लाइन पर मौजद था और निहारिका को पति की हत्या के लिए उकसा रहा था. पुलिस के मुताबिक फिलहाल मामले की जांच हर संभावित एंगल से की जा रही है.