सहेली ने दिया धोखा; खाटू श्याम ले जाने के बहाने युवती को 3 लाख में बेचा, फिर करा दी शादी

कानपुर में एक युवती ने अपने पति संग मिलकर अपनी ही सहेली को 3 लाख रुपये में बेच दिया. फिर उसकी पहचान बदल कर, उसका फेक डॉक्यूमेंट बनवा कर जबर्दस्ती किसी अन्य युवक से शादी करा दी. अब पुलिस युवती की मां की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने के लिए राजस्थान रवाना हो गई है.

कानपुर में सहेली ने ही युवती को बेचा Image Credit:

कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र से मानवता और दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक कलयुगी सहेली ने अपने पति के साथ मिलकर एक युवती को खाटू श्याम मंदिर के दर्शन कराने के बहाने राजस्थान ले जाकर तीन लाख रुपये में बेच दिया. आरोपियों ने न केवल युवती का सौदा किया, बल्कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उसकी जबरन शादी भी करवा दी.

युवती की मां ने बचपन की सहेली पर लगाए ये आरोप

​बर्रा के विश्वबैंक इलाके की रहने वाली पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी बेटी की बचपन की सहेली रिया पांडेय (निवासी सागरपुरी, सेन पश्चिम पारा) ने इस पूरी साजिश को अंजाम दिया. 21 अप्रैल को रिया और उसका पति सुमित पांडेय, पीड़िता को राजस्थान स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर के दर्शन कराने के बहाने अपने साथ ले गए थे.

​परिजनों के अनुसार, जब एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी युवती वापस नहीं लौटी, तो मां ने रिया और सुमित से संपर्क किया. शुरू में दोनों टालमटोल करते रहे और जल्द वापस आने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके कुछ ही समय बाद दोनों ने अपने मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिए. अनहोनी की आशंका होने पर पीड़िता की मां ने पुलिस की शरण ली.

पीड़िता के नाम बनवा लिए फर्जी दस्तावेज

पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि आरोपियों ने युवती को राजस्थान ले जाकर उसकी पहचान पूरी तरह बदल दी. रिया और सुमित ने पीड़िता का नाम बदलकर ‘काजल’ रख दिया. इसी नाम से फर्जी आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज भी तैयार करवा लिए. इन्हीं फर्जी कागजातों का सहारा लेकर युवती को सीकर जिले के फतेहपुर सदर इलाके में विश्वकर्मा नामक युवक को तीन लाख रुपये में बेच दिया गया. फिर उसकी जबरन शादी करवा दी गई.

युवती को खरीदने वाले युवक ने 3 लाख की फिरौती मांगी

युवती को जब अपने साथ हुए इस धोखे का पता चला, तो उसने विरोध किया. इस बीच, उसे खरीदने वाले आरोपी युवक ने पीड़िता की मां को फोन कर फिरौती की मांग की. उसने धमकी दी कि यदि वह अपनी बेटी को सुरक्षित वापस चाहती हैं, तो उन्हें तीन लाख रुपये देने होंगे.

आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम राजस्थान रवाना

पुलिस ने मामले की गंभीरता देख मुकदमा दर्ज कर तकनीकी सर्विलांस की मदद से लोकेशन का पता लगाया, जो राजस्थान में मिली है. पीड़िता की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम को राजस्थान रवाना कर दिया गया है. पुलिस फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह के नेटवर्क की भी जांच कर रही है.

Follow Us