टंकी पर चढ़े थे रील बनाने, तभी टूट गई सीढ़ी; 15 घंटे बाद लड़ाकू विमान ने बचाई जान
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में रील बनाने के चक्कर में पांच लड़के पानी की टंकी पर चढ़ गए. इतने में सीढ़ी टूटने से नीचे गिरे तीन लड़कों में से एक की मौत हो गई. वहीं दो गंभीर रूप से घायल हो गए. शेष दो लड़के 15 घंटे तक टंकी पर फंसे रहे. अंततः भारतीय वायुसेना ने Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला.
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां रील बनाने के लिए पांच लड़के पानी की टंकी पर चढ़ गए. इतने में सीढ़ी टूट गई. ऐसे में तीन लड़के तो नीचे गिर पड़े, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं दो लड़के ऊपर ही रेलिंग से लटक गए थे. ये लड़के बड़ी मुश्किल से टंकी के ऊपर चढ़ पाए. ऐसे में समस्या पैदा हो गई कि इन्हें उतारा कैसे जाए.
आनन फानन में टंकी तक सड़क बनाई गई, हाईड्रोलिक क्रेन मंगाई गई, फिर भी बात नहीं बनी तो सेना से मदद मांगी गई. आखिर में वायु सेना के लड़ाकू विमान ने 15 घंटे बाद महज 15 मिनट में इन दोनों लड़कों को रेस्क्यू किया है. इस रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो इस समय सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है. मामला सिद्धार्थ नगर में कांशीराम आवास कॉलोनी में शनिवार दोपहर बाद करीब दो बजे की है. रेस्क्यू किए गए दोनों लड़कों की पहचान इसी कॉलोनी में रहने वाले पवन और कल्लू के रूप में हुई है.
ऐसे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तुरंत घटना की जानकारी गोरखपुर एसडीआरएफ को दी. इसके बाद शाम छह बजे तक 20 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची. आनन फानन में हाइड्रोलिक क्रेन मंगाई गई, लेकिन एक तो बारिश हो रही थी, दूसरे, टंकी के पास तक पहुंचने का रास्ता नहीं था. ऐसे में तत्काल 150 मीटर की सड़क बनाई गई. बावजूद इसके, बात नहीं बनी. हालात को देखते हुए डीएम शिवसरणप्पा जीएन ने सेना से मदद मांगी.
हेलीकॉप्टर से हुए रेस्क्यू
इसके बाद वायुसेना के सेंट्रल एयर कमांड (CAC) ने रविवार सुबह करीब पांच बजे Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर भेजा. इस हेलीकॉप्टर की मदद से दोनों लड़कों को सकुशल रेस्क्यू कर नीचे उतारा गया है. इस दौरान परिजनों और प्रशासन ने टंकी के ऊपर फंसे लड़कों के लिए ड्रोन की मदद से रस्सी, पानी की बोतलें, बिस्कुट और रात का खाना आदि पहुंचाया. सूचना मिलने पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने रेस्क्यू हुए लड़कों का हाल जाना.
चारो बच्चों को पहुंचाया अस्पताल
प्रशासन के मुताबिक सीढ़ी टूटने से घायल लड़कों को तुरंत अस्पताल पहुंचा दिया गया था, वहीं रविवार को रेस्क्यू कर टंकी से उतारे गए दोनों लड़कों को भी गोरखपुर में एयरफोर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों के मुताबिक बारिश की वजह से टंकी के आसपास की जमीन में दलदल हो गया था. इसकी वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी देरी हुई. गनीमत रही कि दोनों लड़कों को सही सलामत उतार लिया गया है.