‘मुस्लिम पहले हिंदू थे’, झांसी में बोले केशव मौर्य- समर्पित रामभक्त हैं चंपत राय

झांसी दौरे पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राम मंदिर विवाद पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि अयोध्या करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है और दानपात्र मामले की एसआईटी जांच से पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी. चंपत राय का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि किसी के खिलाफ कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर ही होनी चाहिए.

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने झांसी दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला. अयोध्या, राम मंदिर ट्रस्ट, समाजवादी पार्टी और मुस्लिम समाज से जुड़े सवालों पर उन्होंने बेबाकी से अपनी बात रखी. इस दौरान उनका एक बयान सबसे ज्यादा चर्चा में रहा, जिसमें उन्होंने कहा, ‘मुस्लिम पहले हिंदू थे’. इसके साथ ही डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है, एसआईटी जांच में सच सामने आ जाएगा.

राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, ‘भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों के आराध्य हैं और इस विषय पर राजनीति नहीं होनी चाहिए.. अयोध्या भगवान श्रीराम की नगरी है… करोड़ों हिंदुओं की आस्था उससे जुड़ी हुई है… भाजपा पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं और जनता सब कुछ समझ रही है… मामले की जांच एसआईटी की टीम कर रही है, सारी सच्चाई जल्द ही जनता के सामने आ जाएगी.’

केशव ने चंपत राय का किया बचाव

एक सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, ‘मुस्लिम पहले हिंदू थे.’ हालांकि उन्होंने इस टिप्पणी पर अधिक विस्तार से कुछ नहीं कहा और आगे बढ़ गए. वहीं, राम मंदिर में चढ़ावे की कथित अनियमितताओं को लेकर चल रही जांच के बीच राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर उठ रहे सवालों पर भी केशव मौर्य ने कहा, ‘चंपत राय एक समर्पित रामभक्त हैं और किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर ही होनी चाहिए.’

‘पहले भतीजे को संभाले शिवपाल यादव’

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, ‘जो भी व्यक्ति गलत करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी, लेकिन किसी के खिलाफ कोई भी कदम जांच रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर ही उठाया जाएगा.’ समाजवादी पार्टी नेता शिवपाल यादव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव मौर्य ने तंज कसा और कहा, ‘शिवपाल यादव को पहले अपने भतीजे को संभालना चाहिए और उन्हें केशव प्रसाद मौर्य की चिंता छोड़ देनी चाहिए.’

विपक्ष पर साधा निशाना

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जनता अब विपक्ष की राजनीति को समझ चुकी है और उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों के आधार पर भाजपा को लगातार समर्थन मिल रहा है. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था, विकास और गरीब कल्याण की योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है.

(रिपोर्ट- अमित सोनी)

Follow Us