3 साल में तैयार हो जाएगा 106.3 KM का झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे, हर एक किलोमीटर पर आएगा 47 करोड़ का खर्च
यूपीडा जल्द ही झांसी को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ने जा रही है. इसके लिए 5001 करोड़ रुपये में 106.3 किलोमीटर का झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे का निर्माण करने जा रही है. इस एक्सप्रेस-वे को बनाने के लिए 3 साल का समय तय किया गया है.
झांसी से दिल्ली लखनऊ, आगरा और पूर्वांचल की सड़क यात्रा आसान होने वाली है. यूपीडा की तरफ से 106.3 किलोमीटर लंबे झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे की रूपरेखा तय कर दी गई है. इसका निर्माण 6 लेन में किया जाएगा. फिर आगे चलकर इसे 8 लेन में विकसित किया जाएगा. इसके लिए 5001.74 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है. तीन वर्षों में इसे पूरा करने का लक्ष्य भी रखा गया है. इसके लिए निविदा आमंत्रित भी कर दी गई है.
इस 106.3 किलोमीटर के लंबे एक्सप्रेस-वे के निर्माण से झांसी, जालौन और पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी. झांसी सीधे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, रक्षा गलियारा और बुंदेलखंड औद्योगिक विकास क्षेत्र जुड़ जाएगी. पहले खंड को तकरीबन 50 किलोमीटर तक बनाए जाने की योजना है.
दो खंडों में पूरा होगा काम
पहला खंड जालौन जिले के फूलपुरा के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के चेनज 170+300 से शुरू होकर झांसी जिले के पिपरा गांव तक जाएगा. इसमें 2262.28 करोड़ रुपये का अनुमानिक खर्च आएगा. वहीं, दूसरे खंड में 56.3 किलोमीटर का सड़क निर्माण किया जाएगा. इसमें 2,739.46 करोड़ का खर्च निर्धारित किया गया है.
झांसी क्षेत्र के औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा
यह एक्स्प्रेस -वे किन गांवों से गुजरेगा, कितनी जमीन अधिग्रहण की जानी है, इसके लिए पिछले वर्ष ड्रोन सर्वे के दौरान 63 गांवों का पहचान कर लिया गया है. माना जा रहा है कि इस एक्सप्रेस-वे के बनने से झांसी क्षेत्र के औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा. मालवहन और कृषि उत्पादों के परिवहन में भी अच्छा-खासा इजाफा होगा.
प्रति किलोमीटर 47.05 करोड़ रुपये का खर्च
झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे के प्रति किलोमीटर को बनाने में करीबन 47.05 करोड़ रुपये का खर्च आएगा. गोरखपुर लिंक और एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के बाद यह प्रदेश का तीसरा सबसे महंगा एक्सप्रेस-वे होगा. गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर प्रति किलोमीटर लागत करीब 64 करोड़ रुपये है. वहीं, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की प्रति किलोमीटर लागत लगभग 50 करोड़ रुपये है.
