ससुराल में दामाद ने क्यों खेली खून की होली? पहले ससुर की हत्या, फिर पत्नी को भी घोंपा चाकू

लखीमपुर खीरी में एक दामाद ने अपने ससुर की निर्मम हत्या कर दी और पत्नी पर भी जानलेवा हमला किया. पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी मायके में रह रही थी. सुलह करने आया पति मुकेश जब असफल रहा, तो उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि घायल पत्नी का इलाज चल रहा है.

लखीमपुर खीरी में ससुर की हत्या

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात हुई है. यहां एक युवक ने अपनी ससुराल में आकर जमकर बवाल काटा. इस दौरान आरोपी ने पहले अपने ससुर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी, फिर बीच बचाव करने आई पत्नी को भी चाकू घोंप दिया. पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मामला लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ थाना क्षेत्र में सैदीपुर खुर्द गांव का है. पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाले 60 वर्षीय सोहन लाल ने 16 साल पहले अपनी बेटी सुमित्रा देवी की शादी बहराइच में सुजौली थाना क्षेत्र के रहने वाले मुकेश के साथ की थी. कुछ समय से लाल बिहारी और सुमित्रा के बीच विवाद था. इसकी वजह से सुमित्रा मायके आकर पिता के साथ रहने लगी थी. यही नहीं, उसने पति के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा भी कर दिया था.

फिर क्यों हैवान बना पति?

पुलिस के मुताबिक हाल ही में मुकेश को मुकदमे की जानकारी हुई तो वह भागा-भागा ससुराल पहुंचा. यहां उसने पत्नी को मनाने की खूब कोशिश की, लेकिन वह साथ जाने को तैयार नहीं हुई. फिर उसने ससुर से बात की तो उसने भरोसा दिया कि 25 अगस्त को मुकदमे की तारीख है, इस तारीख के बाद वह भेज देगा. इसी बात को लेकर ससुर और दामाद में कहासुनी हो गई. इससे गुस्साए मुकेश ने चाकू से अपने ससुर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

पत्नी पर भी किया हमला

अपने पिता पर चाकू से हमला देखकर मुकेश की पत्नी उन्हें बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन आरोपी ने उसी चाकू से पत्नी पर भी वार किया. इस घटना में बाप बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. इतने में चीख पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी और दोनों को अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने सोहन लाल को मृत घोषित कर दिया. वहीं सुमित्रा की हालत को देखते हुए बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है.

मौके पर पहुंची फोर्स

वारदात की खबर सुनते ही सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह, प्रभारी निरीक्षक फूलबेहड़ संतोष कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस के मुताबिक फोरेंसिक टीम की मदद से मामले की जांच कराई जा रही है. वहीं पीड़ित पत्नी के होश में आने पर उसके भी बयान दर्ज किए जाएंगे.

Follow Us