‘बस 11 विधायक दे दो, मुसलमानों का एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा’, AIMIM नेता का विवादित बयान
AIMIM नेता शौकत अली ने एक विवादित बयान दिया है. उन्होंने मेरठ में आयोजित एक ईद मिलन कार्यक्रम में कहा कि यूपी में 111 नहीं सिर्फ 11 विधायक दे दो. मुसलमानों का एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा. शौकत अली के इस बयान पर बीजेपी की भी प्रतिक्रिया आई है. बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा है कि 'एनकाउंटर हिंदू या मुसलमान का नहीं होता. एनकाउंटर अपराधियों का होता है.
AIMIM के यूपी प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने फिर से विवादित बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि ‘यूपी के 111 नहीं, बस 11 विधायक दे दो, मुसलमान का एनकाउंटर करने वाले का भी एकाउंटर होगा. अपनी मस्जिद और मदारिस की हिफाजत करनी है तो एक डंडा, एक झंडा और एक नेता बनाना पड़ेगा’. शौकत अली का यह बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा.
मेरठ में एक ईद मिलन कार्यक्रम में पहुंचे थे शौकत अली
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली का यह विवादित बयान मेरठ में आयोजित ईद मिलन कार्यक्रम का है. कार्यक्रम में आए लोगों को संबोधित करते हुए शौकत अली ने कहा कि विकास गोरखपुर और सैफई में ही नहीं होगा मेरठ में भी होगा. इसके लिए हमें विधानसभा में जाना पड़ेगा.
मेरठ के कप्तान के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया
शौकत अली यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि ‘मेरठ के कप्तान ने कहा था सड़क पर जो नमाज पढ़ेगा उसका लाइसेंस रद्द होगा. मुझे उम्मीद है कि जब रामनवमी का जुलूस निकलेगा तो कप्तान इसी तरीके का दूसरा बयान देंगे कि खबरदार रामनवमी के जुलूस पर मस्जिद के सामने किसी ने नागिन डांस किया तो उसके पैर में गोली मारूंगा’.
शौकत अली ने कहा कि ‘कप्तान साहब इस हिंदुस्तान को आजाद हमारे लोगों ने कराया था. समर्थकों से कहा गांव-गांव जाकर बताओ कि इस मुल्क में हमारे साथ सबसे ज्यादा नाइंसाफी हुई है. भाजपा ने हमारी मदारिस को ताला लगा दिया था. इल्जाम की बुनियाद पर हमारे घरों पर बुलडोजर चला दिये गए. हमारे लोगों को गोलियां भी मारी गई’.
इससे पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान
शौकत अली ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि ‘जिसे 111 विधायक जिताकर दिए, वह कहता है कि मेरी सरकार नहीं है, हम क्या कर सकते हैं’. बता दें कि इससे पहले शौकत अली पिछले महीने मुरादाबाद के रामपुर दोराहा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए जनसंख्या वृद्धि को लेकर टिप्पणी की थी. उन्होंने मुसलमानों से अधिक बच्चे पैदा करने की अपील करते हुए नारा दिया था, ‘हम दो, हमारे दो नहीं, बल्कि हमारे दो दर्जन होने चाहिए’.
बीजेपी की भी आई प्रतिक्रिया
शौकत अली के विवादित बयान पर अब बीजेपी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि ‘एनकाउंटर हिंदू या मुसलमान का नहीं होता. एनकाउंटर अपराधियों का होता है. जनता का मजबूत कानून व्यवस्था के कारण भाजपा सरकार में भरोसा है. भड़काऊ बयानों से जनता पर कोई फर्क नहीं पड़ता’.
