मछली भोज विवाद: अजय राय बोले- तस्वीर दिखा दो… मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं

अयोध्या में कथित मछली भोज को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पलटवार किया है. अजय राय ने कहा कि वह निषाद समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए थे और मछली भोज का आयोजन समाज के लोगों ने किया था. उन्होंने कहा कि निषाद समाज में मछली पालना, पकड़ना और खाना पारंपरिक जीवनशैली का हिस्सा है. अजय राय ने भाजपा पर निषाद समाज को निशाना बनाने का आरोप लगाया. साथ ही चुनौती दी कि अगर उनके मछली खाने की तस्वीर है तो सार्वजनिक की जाए, वह इस्तीफा देने को तैयार हैं.

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय

अयोध्या में मछली भोज को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा नेताओं के निशाने पर आए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने पलटवार किया है. अजय राय ने कहा कि वह अयोध्या में निषाद समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए थे और मछली भोज का आयोजन समाज के लोगों ने किया था. उन्होंने कहा कि निषाद समाज में मछली पालना, पकड़ना और खाना उनकी जीवनशैली का हिस्सा है.

अजय राय ने कहा कि जब भी वह अयोध्या जाते हैं तो सबसे पहले हनुमानगढ़ी और भगवान राम के दर्शन करते हैं। इसके बाद वह कार्यक्रम में शामिल होते हैं. अजय राय ने कहा, ‘कल निषाद समाज ने मुझे बुलाया था… मैं जब भी अयोध्या जाता हूं, पहले हनुमानगढ़ी और भगवान राम के दर्शन करता हूं और फिर कार्यक्रम में जाता हूं. उन्होंने कहा कि निषाद समाज के कार्यक्रम में मछली भोज कराया जा रहा था. यह कार्यक्रम का आयोजन करने वाले लोगों का विषय था.

‘निषाद समाज को निशाना बना रही है BJP’

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, ‘निषाद समाज के कार्यक्रम में वे मछली का भोज करा रहे थे, ये उनका काम था… मैं कार्यक्रम में शामिल हुआ और वापस लखनऊ लौट आया. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मछली भोज को लेकर भाजपा की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि निषाद समाज की अपनी पारंपरिक जीवनशैली है. उन्होंने कहा कि मछली पालना, पकड़ना और खाना निषाद समाज की जीवनशैली का हिस्सा रहा है.

अजय राय ने भाजपा पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि इस मुद्दे के जरिए निषाद समाज को निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा, ‘भाजपा निषाद समाज का अपमान कर रही है… निषाद समाज इसे भूलेगा नहीं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में मछली भोज को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला किया था. सीएम ने कांग्रेस नेताओं के हनुमानगढ़ी दर्शन और उसके बाद मछली भोज में शामिल होने को कांग्रेस का दोहरा आचरण बताया था.

CM के आरोपों का जवाब

सीएम के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री के पास ऐसा कोई फोटो है, जिसमें वह मछली खाते हुए दिखाई दे रहे हैं, तो उसे सार्वजनिक किया जाए. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, ‘अगर मुख्यमंत्री आलोचना कर रहे हैं और उनके पास कोई फोटो है तो दिखा दें… मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं.’

विवाद ने पकड़ा सियासी रंग

अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के दौरे से जुड़ा मछली भोज विवाद अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा बन गया है. भाजपा जहां इसे हिंदू आस्था और अयोध्या की धार्मिक मर्यादा से जोड़कर कांग्रेस पर हमला कर रही है, वहीं कांग्रेस इसे निषाद समाज के अपमान से जोड़ रही है. अजय राय का कहना है कि भाजपा इस मामले को राजनीतिक रंग दे रही है और निषाद समाज को निशाना बनाया जा रहा है.

दूसरी ओर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के कथित दोहरे आचरण पर सवाल उठाते हुए इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़ा है. उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस नेता अयोध्या में राम का नाम लेते हैं और हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के सामने दंडवत होने का प्रदर्शन करते हैं, वहीं दूसरी तरफ मछली भोज में शामिल होते हैं.

Follow Us