नीले गमछे से लेकर नीले टीशर्ट-जींस तक… सपा का रंग बदल रहा है…. वजह क्या है?
यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा ने युवा और दलित वोटरों को साधने की रणनीति तेज कर दी है. अखिलेश यादव ने समाजवादी छात्र सभा के लिए नीली टी-शर्ट और जींस की नई यूनिफॉर्म का ऐलान किया है. साथ ही दो सप्ताह का छात्र जागरूकता अभियान चलाकर कॉलेज, विश्वविद्यालय और हॉस्टल में छात्रों से संवाद किया जाएगा. सपा के इस कदम को दलित युवाओं तक पहुंच बढ़ाने और PDA की राजनीति को नई पीढ़ी की भाषा देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
उत्तर प्रदेश की 2027 की चुनावी सियासत अब सिर्फ रैलियों, जातीय समीकरणों और बड़े नेताओं के बयानों तक सीमित नहीं रह गई है. जंतर-मंतर के आंदोलनों से लेकर इंस्टाग्राम की रील्स तक, राजनीति का मैदान तेजी से बदल रहा है. राजनीतिक दल अब युवाओं तक पहुंचने के लिए उनके मुद्दों के साथ-साथ उनकी भाषा, उनके डिजिटल स्पेस और उनकी विजुअल पहचान को भी साधने की कोशिश कर रहे हैं. इसी बदलती राजनीति के बीच समाजवादी पार्टी ने युवा और छात्र वोटरों पर अपना फोकस तेज कर दिया है. फोकस यूपी की करीब 21 फीसदी दलित आबादी पर है.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने समाजवादी छात्र सभा के लिए नीली टी-शर्ट और जींस की नई यूनिफॉर्म का ऐलान किया है. साथ ही दो सप्ताह के छात्र जागरूकता अभियान की बात कही गई है, जिसमें छात्र सभा के कार्यकर्ता कॉलेज, विश्वविद्यालय और हॉस्टल तक जाकर छात्रों से संवाद करेंगे. सपा का यह प्रयोग सिर्फ ड्रेस बदलने तक सीमित नहीं है. इसके पीछे Gen-Z और Gen-Alpha को जोड़ने, दलित युवाओं तक पहुंच बढ़ाने और PDA की राजनीति को नई पीढ़ी की भाषा में पेश करने की रणनीति देखी जा रही है.
लाल टोपी के बाद अब ‘नीला’ दांव
समाजवादी पार्टी की पहचान लंबे समय से लाल टोपी और लाल रंग से रही है. मुलायम सिंह यादव से लेकर अखिलेश यादव तक लाल टोपी समाजवादी राजनीति की विजुअल पहचान बन चुकी है. अब छात्र संगठन के लिए नीली टी-शर्ट और जींस का चुनाव इसी पहचान में एक नया रंग जोड़ने की कोशिश है. अखिलेश यादव ने नीले रंग को विचारधारा, वर्कफोर्स और नई पीढ़ी से जोड़ते हुए इसे बहुजन समाज और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की विरासत से जोड़ने को भी सकारात्मक बताया. यहीं से इस प्रयोग का सबसे बड़ा चुनावी एंगल सामने आता है.
क्योंकि उत्तर प्रदेश में नीला रंग लंबे समय से दलित, बहुजन और आंबेडकरवादी राजनीति की पहचान से जुड़ा रहा है. ऐसे में सपा का छात्र संगठन जब नीली ड्रेस में कैंपस में उतरेगा, तो इसका संदेश सिर्फ संगठनात्मक पहचान बदलने तक सीमित नहीं रहेगा. सवाल सीधे तौर पर यह है कि क्या सपा नीले रंग के जरिए दलित युवाओं के बीच अपनी नई राजनीतिक जगह बनाने की कोशिश कर रही है?
आंबेडकरवादी प्रतीक के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंच
दलित राजनीति में नीले रंग की एक लंबी राजनीतिक विरासत रही है. आंबेडकरवादी राजनीति से लेकर रिपब्लिकन आंदोलन और बाद में बहुजन राजनीति तक नीला रंग सामाजिक न्याय की राजनीति से जुड़ा रहा. बहुजन समाज पार्टी ने इस प्रतीक को अपनी राजनीतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया. अब सपा उसी रंग को अपने छात्र संगठन की नई यूनिफॉर्म में शामिल कर रही है.
PDA की नई व्याख्या—पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक से ‘प्रेम, दया और अपनापन’ तक
अखिलेश यादव ने PDA को सिर्फ राजनीतिक और जातीय समीकरण के रूप में पेश करने के बजाय इसकी एक नई व्याख्या भी दी है. उनके मुताबिक PDA का अर्थ ‘प्रेम, दया और अपनापन’ भी है. यानी सपा अपने पुराने राजनीतिक समीकरण को सामाजिक जुड़ाव की भाषा देने की कोशिश कर रही है. अखिलेश का संदेश है कि पार्टी पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों को जोड़ने की राजनीति करेगी और भेदभाव से दूर रहने का दावा करेगी.
दो सप्ताह का अभियान, कैंपस से हॉस्टल तक पहुंच
समाजवादी छात्र सभा के दो सप्ताह के छात्र जागरूकता अभियान को इस रणनीति की जमीन माना जा रहा है. छात्र संगठन के कार्यकर्ता कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और हॉस्टलों तक जाएंगे. मकसद सिर्फ संगठन का प्रचार करना नहीं, बल्कि छात्रों से उनके मुद्दों पर सीधा संवाद करना बताया जा रहा है. यहीं पर सपा ने एक और राजनीतिक प्रयोग की बात कही है-छात्रों से मिलने वाले सुझावों को पार्टी के घोषणापत्र में शामिल करना.
जंतर-मंतर से इंस्टाग्राम तक पहुंची युवा राजनीति
युवा राजनीति का तरीका भी तेजी से बदल रहा है. एक दौर में छात्र राजनीति का सबसे बड़ा मंच विश्वविद्यालय परिसर, छात्र संघ चुनाव और बड़ी राजनीतिक रैलियां हुआ करती थीं. अब इसके साथ सोशल मीडिया भी जुड़ गया है. जंतर-मंतर के आंदोलन से लेकर इंस्टाग्राम की रील्स तक… युवा अपनी बात रखने और राजनीतिक प्रतिक्रिया दर्ज कराने के नए माध्यम इस्तेमाल कर रहे हैं. राजनीतिक दल भी इस बदलाव को समझ रहे हैं.
सपा का Gen-Z और Gen-Alpha पर फोकस इसी बदलाव का संकेत है. पार्टी की कोशिश है कि नई पीढ़ी से सिर्फ पारंपरिक भाषणों के जरिए नहीं, बल्कि उसके मुद्दों, उसकी भाषा और उसके डिजिटल स्पेस में जाकर संवाद किया जाए.
आशुतोष रांका से मुलाकात ने बढ़ाई चर्चा
इसी बीच लखनऊ में अखिलेश यादव की कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के आशुतोष रांका से मुलाकात ने भी युवा र शिक्षा की राजनीति को लेकर चर्चाओं को हवा दी. इससे पहले शिक्षा के मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन को सपा की ओर से समर्थन दिए जाने की चर्चा भी सामने आई थी. हालांकि इस मुलाकात को निजी बताया गया, लेकिन शिक्षा, सरकारी स्कूल और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर दोनों तरफ से जोर ने राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चा बढ़ा दी.
सपा पहले भी शिक्षा के मुद्दे को लेकर अभियान चलाती रही है. ‘पाठशाला पुकारे’ और PDA पाठशाला जैसे कार्यक्रमों के जरिए पार्टी ने शिक्षा को राजनीतिक मुद्दे के तौर पर उठाने की कोशिश की है.
ऑक्सफोर्ड-कैंब्रिज मॉडल से छात्र राजनीति को बदलने का दावा
अखिलेश यादव का फोकस सिर्फ यूपी के कैंपस तक सीमित नहीं है. उन्होंने सरकार बनने के बाद छात्र संघों के समूहों को विदेश भेजने और ऑक्सफोर्ड-कैंब्रिज जैसे विश्वविद्यालयों में छात्र राजनीति के मॉडल को समझने की बात भी कही है.इसके पीछे तर्क यह है कि छात्र राजनीति को सिर्फ चुनावी गतिविधि नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक नेतृत्व तैयार करने के मंच के रूप में विकसित किया जाए.
जींस भी बनी राजनीतिक संदेश का हिस्सा
नई यूनिफॉर्म में नीली टी-शर्ट के साथ जींस को शामिल करने पर भी अखिलेश यादव ने राजनीतिक संदेश दिया. उन्होंने जींस को अन्याय के खिलाफ संघर्ष से जोड़ते हुए कहा कि यूनिफॉर्म छात्रों के बीच एकरूपता और समानता का भाव पैदा करती है. यानी एक साधारण ड्रेस के भीतर सपा कई राजनीतिक संदेश पैक करने की कोशिश कर रही है- युवा कनेक्ट + समानता + सामाजिक न्याय + दलित कनेक्ट + संगठन की नई पहचान.
भाजपा का हमला- रंग बदलने से रिकॉर्ड नहीं बदलेगा
सपा के इस प्रयोग पर भाजपा ने भी हमला बोला है. भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने इसे दलित वोट हासिल करने की कोशिश बताते हुए कहा कि सिर्फ पोशाक का रंग बदलने से राजनीतिक रिकॉर्ड नहीं बदलता. यानी सपा के नीले प्रयोग को भाजपा भी सीधे दलित वोट बैंक की राजनीति से जोड़कर देख रही है. राजनीतिक तौर पर यह महत्वपूर्ण है क्योंकि किसी पार्टी की रणनीति की अहमियत तभी बढ़ती है, जब विरोधी भी उसे चुनावी चुनौती के तौर पर लेने लगे.
क्या नीला रंग बसपा की जमीन में सेंध लगा पाएगा?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या नीली टी-शर्ट सपा को दलित युवाओं के बीच वास्तविक राजनीतिक फायदा दिला पाएगी?इसका जवाब सिर्फ चुनावी नतीजों में मिलेगा. बसपा के लिए नीला रंग महज ड्रेस या झंडे का रंग नहीं है. यह दशकों की आंबेडकरवादी और बहुजन राजनीतिक पहचान से जुड़ा प्रतीक है. इसलिए सपा अगर नीले रंग को अपनाकर दलित युवाओं तक पहुंच बनाना चाहती है, तो उसे प्रतीक से आगे जाकर संगठन और नेतृत्व में भागीदारी भी दिखानी होगी.
2027 में युवा-दलित-डिजिटल वोटर का नया फ्रंट
2027 के विधानसभा चुनाव में युवा मतदाता बड़ी राजनीतिक ताकत होंगे. खास तौर पर पहली बार वोट देने वाले युवा, दलित युवा और सोशल मीडिया पर सक्रिय Gen-Z राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण होंगे. इसीलिए अखिलेश यादव का नीला रंग अपनाना सिर्फ टी-शर्ट बदलने की कहानी नहीं है. 2027 की चुनावी लड़ाई अब सिर्फ बूथ और जातीय समीकरणों तक सीमित नहीं रहने वाली. कैंपस, हॉस्टल, इंस्टाग्राम और युवाओं के बीच बनने वाली राजनीतिक पहचान भी चुनावी रणनीति का अहम मैदान बनने जा रही है.
