एक्ट्रेस अंजना सिंह ने भोजपुरी स्टार खेसारी लाल के खिलाफ थाने में तहरीर, जानिए क्यों?

भोजपुरी एक्ट्रेस अंजना सिंह ने सुपरस्टार खेसारी लाल यादव, उनके मैनेजर अखिलेश कश्यप समेत कई लोगों के खिलाफ लखनऊ में पुलिस और साइबर क्राइम सेल से शिकायत दर्ज कराई है. अंजना सिंह का आरोप है कि एआई (AI) तकनीक से उनकी और उनकी 11 वर्षीय बेटी की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही हैं. साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं.

भोजपुरी फिल्म एक्ट्रेस अंजना सिंह Image Credit:

भोजपुरी फिल्म एक्ट्रेस अंजना सिंह ने भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव, उनके मैनेजर अखिलेश कश्यप समेत कई लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए लखनऊ में पुलिस से शिकायत की है. अभिनेत्री ने आरोप लगाया है कि उनकी और उनकी 11 वर्षीय नाबालिग बेटी की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए अश्लील तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही हैं. साथ ही उन्हें लगातार गालियां और जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं.

अंजना सिंह ने इस मामले में लखनऊ के इंदिरा नगर थाने में तहरीर दी. इसके बाद वह साइबर क्राइम अधिकारियों से भी मिलीं और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई.

AI से तस्वीरें बनाकर वायरल करने का आरोप

मीडिया से बातचीत में अंजना सिंह ने कहा कि पिछले सात-आठ दिनों से सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ एक संगठित अभियान चलाया जा रहा है. उनका आरोप है कि ‘खेसारी आर्मी’ नाम से संचालित सोशल मीडिया अकाउंट और उससे जुड़े लोग उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि AI तकनीक का इस्तेमाल कर उनकी और उनकी 11 वर्षीय बेटी की आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की जा रही हैं.

खेसारी लाल और उनकी टीम पर लगाए आरोप

इसके अलावा इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर लगातार अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं. अंजना सिंह ने अपनी शिकायत में एक्टर खेसारी लाल यादव का भी नाम शामिल किया है. उनके मुताबिक, इस पूरे मामले में खेसारी लाल की टीम के लोग सक्रिय हैं. तहरीर में जिन लोगों के नाम शामिल किए गए हैं, उनमें खेसारी लाल यादव, अखिलेश कश्यप (मैनेजर), कृष्णा बेदर्दी, संजय यादव और खेसारी आर्मी नाम से संचालित सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े अन्य लोग.

‘मेरी बेटी को भी नहीं छोड़ा’

अंजना सिंह का आरोप है कि ये सभी लोग सीधे या परोक्ष रूप से उन्हें बदनाम करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश कर रहे हैं. अंजना सिंह ने कहा कि मामला केवल उनके खिलाफ नहीं है, बल्कि उनकी नाबालिग बेटी को भी निशाना बनाया गया है. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की उम्र केवल 11 वर्ष है और उसकी AI से बनाई गई आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की जा रही हैं.

साइबर क्राइम से की कार्रवाई की मांग

अभिनेत्री ने साइबर अपराध शाखा से पूरे मामले की जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाकर AI तकनीक के जरिए फर्जी और अश्लील सामग्री तैयार करना बेहद खतरनाक प्रवृत्ति है, जिस पर रोक लगना जरूरी है. फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Follow Us