2 लेन से 8 लेन का होगा बाराबंकी-बहराइच हाइवे, अब सिर्फ डेढ़ घंटे में पूरा होगा सफर
से कनेक्टिविटी को विश्वस्तरीय बनाएगी, जिससे यात्रा समय 2 घंटे 50 मिनट से घटकर महज 1 घंटा 25 मिनट रह जाएगा. इस प्रोजेक्ट में घाघरा नदी पर अत्याधुनिक केबल-स्टे ब्रिज भी शामिल है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का आसपास के जिलों से सड़क कनेक्टिविटी विश्वस्तरीय बनाने का दिशा में काम शुरू कर दिया गया है. इसी क्रम में बाराबंकी से बहराइच के बीच 101.515 किलोमीटर लंबे नेशनल हाईवे को दो लेन से 8 लेन बनाने की मंजूरी मिल गई है. अब यह सड़क NH-927 के रूप में जानी जाएगी. वहीं अगले दो साल के अंदर करीब 6969 करोड़ की लागत से इसे 8 लेन के एक्सेस कंट्रोल एक्सप्रेसवे के रूप में चौड़ा किया जाएगा.
केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह के प्रयास से भारत सरकार ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है. 101.515 किलोमीटर लंबे मार्ग के उच्चीकरण की अनुमानित लागत रु. 6969 करोड़ रुपये बताई जा रही है. यह परियोजना राज्य राजधानी क्षेत्र (SCR) की विकास यात्रा में एक मील का पत्थर साबित होगी. राज्य सरकार द्वारा अधिसूचित SCR के तहत यह राजमार्ग लखनऊ को अवध क्षेत्र से जोड़ने वाला आधुनिक एक्सप्रेसवे बनेगा.
एक्सेस कंट्रोल हाईवे होगा
इस परियोजना के मुताबिक यह पूरी तरह प्रवेश-नियंत्रित (Access Controlled) हाईवे होगा. मतलब इसमें केवल निर्धारित स्थानों पर ही प्रवेश और निकास की अनुमति होगी. 8 लेन की डिजाइन में मुख्य कैरिजवे दोनों तरफ दो-दो लेन के होंगे. वहीं बाहरी तरफ दोनों ओर 2-2 लेन का सर्विस रोड होगा. इससे लोकल यातायात और लंबी दूरी के वाहनों निर्वाध फर्राटे भरते हुए निकल सकेंगे. अभी तक इस सड़क पर यात्रा में 2 घंटे 50 मिनट का समय लगता है, लेकिन सड़क बनने के बाद यात्रा का यह समय घटकर महज 1 घंटा 25 मिनट रह जाएगा.
घाघरा नदी पर बनेगा केबल स्टे ब्रिज
इस प्रोजेक्ट के तहत घाघरा नदी पर 1130 मीटर लंबा 6-लेन केबल-स्टे ब्रिज बनेगा. यह पुल अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किया जाएगा. अधिकारियों के मुताबिक परियोजना का कार्य अक्टूबर 2026 से शुरू होगा और अक्टूबर 2028 तक पूरा कर लिया जाएगा. इस प्रोजेक्ट से राजधानी लखनऊ की कनेक्टिविटी को एक नया आयाम मिलेगा. अभी हाल ही में लखनऊ-सुलतानपुर-गाजीपुर NH-731 का उच्चीकरण का काम पूरा हुआ है. वहीं लखनऊ-हरदोई-शाहजहांपुर-पालिया NH-732 का कार्य अंतिम चरण में है. इसी प्रकार लखनऊ-कानपुर NH-27 और लखनऊ-अयोध्या NH-26 पहले ही 4-लेन/6-लेन हो चुके है.
संचालन में है रिंग रोड
लखनऊ शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए निर्मित 104 किमी का 8-लेन आउटर रिंग रोड इस समय संचालन में है. वहीं 67 किमी लंबे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे (NE-6) का जल्द ही उद्घाटन होने वाला है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि एवं पूर्व आईएएस अधिकारी दिवाकर त्रिपाठी और PRO राघवेंद्र शुक्ला ने इसकी पुष्टि की. उन्होंने कहा कि 8-लेन के इस राजमार्ग के बनने से अवध क्षेत्र के औद्योगिक विकास को तेज गति मिलेगी. पर्यटन बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.