BJP नेता की चोरी हुई थी भैंस, पुलिस ने खंगाल डाली 150 CCTV; 48 घंटे में किया बरामद

लखनऊ में बीजेपी नेता की चोरी हुई भैंसें पुलिस ने 48 घंटे के भीतर बरामद कर ली हैं. निगोहां पुलिस ने 150 से अधिक सीसीटीवी खंगालने के बाद एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया. ब्लॉक प्रमुख ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए सम्मानित किया. इस त्वरित कार्रवाई ने पुलिस की दक्षता साबित की है.

सांकेतिक तस्वीर, इमेज सोर्स: AI Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बीजेपी नेता की चोरी हुई भैंसों को पुलिस ने महज 48 घंटे में बरामद कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में एक शातिर चोर को भी अरेस्ट किया है. हालांकि इसके दो साथी अभी भी फरार है. पुलिस अब इनकी तलाश में जुटी है. मामला लखनऊ में निगोहां थाना क्षेत्र में बाजपेई खेड़ा का है. पुलिस ने दो भैंसे बरामद की हैं, इसमें एक भैंस बाजपेयी खेड़ा में रहने वाले बीजेपी नेता और ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला के भतीजे अभिषेक शुक्ला की है.
निगोहां थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार के मुताबिक बाजपेई खेड़ा निवासी अभिषेक शुक्ला और पश्चिम गांव निवासी वंश दीपक अवस्थी की भैंसें चोरी हो गई थीं. इसकी सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच पड़ताल शुरू की. इस दौरान पुलिस ने करीब 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने जंगल-मंगल तिराहे के पास से बाराबंकी निवासी युवक राजन को अरेस्ट किया.
दोनों भैंस बरामद
आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में वारदात कबूल करते हुए बताया कि उसने यह वारदात अपने दो साथियों दिलीप उर्फ छोटू और देवराज के साथ मिलकर अंजाम दिया है. पुलिस ने आरोपी राजन की निशानदेही पर चोरी की दोनों भैंसें बरामद कर लीं है. इसी के साथ पुलिस ने छोटू और देवराज की तलाश में दबिश तेज कर दी है. पुलिस के मुताबिक पकड़ा गए चोर राजन के खिलाफ पहले से चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट समेत पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.
ब्लाक प्रमुख ने पुलिस को सराहा
मामले के सफल खुलासे और चोरी की गई भैंसों की बरामदगी पर बीजेपी नेता और ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला ने निगोहां पुलिस को धन्यवाद दिया है. उन्होंने पुलिस टीम की सराहना की और थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार, एसआई कुलदीप कुमार, चंदन यादव तथा कांस्टेबल रोहित, जावेंद्र और रजकरन को अंगवस्त्र और मां विंध्यवासिनी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया है.

Follow Us