मायावती ने आकाश आनंद को सौंपी चुनावी कमान, यूपी चुनाव को लेकर बड़ा फैसला

बसपा ने 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज़ कर दी हैं. पार्टी सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को चुनावी कमान सौंपी हैं. आकाश आनंद हाथरस के सादाबाद से चुनावी अभियान शुरू करेंगे. पार्टी का लक्ष्य संगठन को मज़बूत कर पारंपरिक वोट बैंक को एकजुट करना है.

आकाश आनंद और बसपा प्रमुख मायावती Image Credit:

बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया है. आकाश आनंद 10 अगस्त को हाथरस जिले की सादाबाद विधानसभा से पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे.

पार्टी की रणनीति के तहत, आकाश आनंद सादाबाद में विधानसभा प्रभारी के नाम की घोषणा करेंगे और इसके बाद कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करेंगे. बसपा की योजना प्रदेशभर में विधानसभा स्तर पर प्रभारियों की घोषणा के साथ चुनावी अभियान को गति देने की है. इसके तहत आकाश आनंद विभिन्न जिलों में लगातार जनसभाएं और संगठनात्मक बैठकें करेंगे.

पारंपरिक वोट बैंक को एकजुट करने की रणनीति

बसपा नेतृत्व का मानना है कि साल 2007 की पूर्ण बहुमत सरकार के बाद पार्टी लगातार चुनावी चुनौतियों का सामना कर रही है. ऐसे में 2027 के चुनाव को देखते हुए संगठन को नए सिरे से मजबूत करने और अपने पारंपरिक वोट बैंक को फिर से एकजुट करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है. इसी कड़ी में आकाश आनंद को चुनावी अभियान का प्रमुख चेहरा बनाया गया है.

सूत्रों के अनुसार, 10 अगस्त को सादाबाद विधानसभा से पार्टी उम्मीदवार (विधानसभा प्रभारी) के रूप में अविन शर्मा के नाम की घोषणा की जा सकती है. बसपा पहले विधानसभा प्रभारियों की घोषणा करती है और चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद उन्हें आधिकारिक प्रत्याशी घोषित करती है.

25 अगस्त को जेवर में आकाश की बड़ी जनसभा

बहुजन समाज पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार, सादाबाद के बाद 25 अगस्त को जेवर में भी आकाश आनंद की बड़ी जनसभा प्रस्तावित है. बसपा नेतृत्व को उम्मीद है कि आकाश आनंद के नेतृत्व में शुरू होने वाला यह अभियान संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों को मजबूती देगा.

Follow Us