मैट्रिमोनियल साइट पर फंसाया, फिर शादी का झांसा देकर रेप और ब्लैकमेल, लखनऊ के बिल्डर पर FIR
लखनऊ के बिल्डर पर छत्तीसगढ़ की एक युवती से रेप, धोखाधड़ी और ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगा है. आरोपी ने मैट्रिमोनियल साइट पर जाल बिछाकर युवती को फंसाया था. उसका प्राइवेट वीडियो-फोटो लिया, और ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठे. और फिर से 5 लाख की मांग कर रहा था.
लखनऊ के गोमती नगर विस्तार थाने में एक अत्यंत संवेदनशील और सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां एक बिल्डर पर छत्तीसगढ़ की युवती के साथ बार-बार बलात्कार और ब्लैकमेल करने का आरोप है. वह मैट्रिमोनियल साइट पर जाल बिछाकर लड़की को फंसाया था. पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, वहीं, आरोपी बिल्डर फरार है.
आरोपी बिल्डर का नाम हर्ष रघुवंशी पुत्र एके सिंह है, जो विकास खंड, गोमती नगर का रहने वाला है. आरोप है कि उसने छत्तीसगढ़ की युवती से मैट्रोमोनियल साइट पर फेक प्रोफाइल बनाकर संपर्क किया. शादी का झांसा देकर लखनऊ बुलाया, एक होटल में ले गया. जहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और उसकी प्राइवेट फोटो-वीडियो बना ली.
आरोपी के साथ षड्यंत्र में उसके दो दोस्त भी शामिल
पीड़िता के मुताबिक, मैट्रोमोनियल साइट पर पहले आरोपी ने संपर्क किया. फिर उसके दोस्त शक्ति प्रताप सिंह जो पहले धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुका है और आदित्य सिंह ने भी षड्यंत्र में शामिल होकर पीड़िता का नंबर निकाला और बातचीत शुरू की. इस बीच उसे 12-13 अगस्त 2025 को शादी का वादा कर लखनऊ बुलाया गया.
जहां सुबह 5.30 से 6 बजे के बीच गोमती नगर के वर्दान खंड, सेक्टर-2 स्थित होटल क्रिस्टल स्वीट्स मालिक विवेक पांडे, जो हर्ष का करीबी दोस्त बताया जाता है में चेक-इन कराया. यहां पीड़िता के साथ जबरन संबंध बनाए और उसकी प्राइवेट वीडियो बना ली. जब पीड़िता ने आपत्ति जताई तो हर्ष ने कहा कि अब हम शादी के बंधन में बंध गए हैं, परेशान मत हो.
दोबारा उसी होटल बुलाकर किया रेप, मांगे 5 लाख
इसके बाद जब पीड़िता वापस छत्तीसगढ़ पर पहुंची तो खींची गई वीडियो-फोटो के आधार पर ब्लैकमेल कर लगभग 1,80,000 रुपये वसूल लिए. फिर वीडियो डिलीट कर देंगे कहकर 25-26 नवंबर 2025 को लखनऊ बुलाया. दोबारा उसी होटल क्रिस्टल स्वीट्स में जबरन शारीरिक संबंध बनाए, वीडियो डिलीट नहीं किया और ब्लैकमेल जारी रखा.
आरोपी हर्ष रघुवंशी अब 5,00,000 रुपये की मांग कर रहा है. न देने पर वीडियो वायरल करने और लखनऊ आने या कोई कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है. साथ ही खुद और अपने दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर कर रहा है. पीड़िता ने 14 फरवरी 2026 को गोमती नगर विस्तार थाने में मुकदमा दर्ज कराया था.
आरोपी बिल्डर फरार, पुलिस बोली- गिरफ्तारी होगी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. थाना प्रभारी ने बताया कि डिजिटल सबूत, व्हाट्सएप चैट, गूगल पे ट्रांजेक्शन और होटल रिकॉर्ड की जांच चल रही है. आरोपी हर्ष रघुवंशी फिलहाल फरार है. उसके दोस्तों आदित्य सिंह और शक्ति प्रताप सिंह की भी भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि मामले में जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी.