लखनऊ: चारबाग स्टेशन हादसे में एक्शन, RLDA इंजीनियर सस्पेंड; ठेकेदार पर 50 लाख जुर्माना
लखनऊ चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 5 पर शेड का एक हिस्सा झुकने से हादसा हुआ, जिसमें तीन लोग मामूली रूप से घायल हुए. वहीं, अब मामले में अधिकारियों पर तुरंत एक्शन लिया गया है. ईपीसी ठेकेदार पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगा, जबकि RLDA प्रोजेक्ट इंजीनियर को तत्काल निलंबित किया गया.
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह प्लेटफॉर्म 5 पर शेड का एक हिस्सा झुकने से हादसा हुआ. इस घटना में तीन लोग मामूली रूप से घायल हुए. आरपीएफ कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों पीड़ितों को बचा लिया, जिन्हें बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं, अब मामले में अधिकारियों पर तुरंत एक्शन लिया गया है.
घटना के कारणों की जांच के लिए मुख्यालय के 3 वरिष्ठ अधिकारियों की एक समिति गठित की गई है. साथ ही निष्पादन और पर्यवेक्षण में खामियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है. पीएमसी के टीम लीडर को हटा दिया गया है. वहीं, RLDA प्रोजेक्ट इंजीनियर और रेलवे सीनियर सेक्शन इंजीनियर को तत्काल निलंबित किया गया है.
ठेकेदार पर 50 लाख रुपये का मोटा जुर्माना
बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में वर्तमान में एक नए एयर कॉनकोर्स का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके लिए 15 मई से 23 जून, 2026 तक यात्री ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म 4 को अस्थायी रूप से बंद करना आवश्यक था. वहीं, निर्माण कार्य में गंभीर कोताही बरतने और क्षति के लिए ईपीसी ठेकेदार पर 50 लाख रुपये का मोटा जुर्माना भी लगाया गया है.
टिन शेड के पीलर काटने के दौरान लापरवाही
प्लेटफॉर्म पर रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) द्वारा निर्माण कार्य चल रहा था. आरोप है कि प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 के बीच टिन शेड को सहारा देने वाले लोहे के पीलर को काटने के दौरान लापरवाही बरती गई. यही कारण था कि सुबह चली तेज हवाओं से पूरा भारी-भरकम शेड नीचे बैठे लोगों पर आ गिरा. इसमें एक TTE समेत तीन यात्रियों को चोटें आईं.
घायल तीन लोगों में 2 को अस्पताल से मिली छुट्टी
इस घटना में तीन लोग मामूली रुप से घायल हुए हैं. आरपीएफ कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों पीड़ितों को बचा लिया, जिन्हें बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. सहायता प्रदान करने के लिए एक रेलवे मेडिकल टीम भी अस्पताल में तैनात की गई. वहीं, जानकारी के मुताबिक, इसमें से 2 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.