सीएम योगी का बड़ा ऐलान- इस साल यूपी में होगी एक लाख पुलिसकर्मियों की भर्तियां

सीएम योगी ने कहा कि पिछले 9 सालों में 2 लाख 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती निष्पक्ष तरीके से की गई, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है. 500 से अधिक कुशल खिलाड़ियों को पुलिस बल में शामिल किया गया.इसके अलावा उन्होंने इस साल 1 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती करने का ऐलान किया है.

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो) Image Credit: फाइल फोटो

इस बार उत्तर प्रदेश पुलिस में 1 लाख नई भर्तियां की जाएंगी. इसका ऐलान खुद सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार यानी 28 अप्रैल को लखनऊ में किया. इसमें होमगार्ड, कांस्टेबल और दरोगा पदों पर भर्ती होगी. सीएम योगी ने ये घोषणाएं 936 रेडियो ऑपरेटर को जॉइनिंग लेटर बांटने के दौरान की. साथ ही ये भी बताया कि हाल में प्रदेश सरकार ने होमगार्ड विभाग में भी 41,000 से अधिक स्वयंसेवकों की भर्ती के लिए परीक्षाएं सफलतापूर्वक आयोजित की है, जो प्रमाण है कि हम सुरक्षाबलों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

9 साल में 2 लाख 20 हजार से अधिक भर्तियां

सीएम योगी ने कहा कि पिछले 9 सालों में 2 लाख 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती निष्पक्ष तरीके से की गई, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है. 500 से अधिक कुशल खिलाड़ियों को पुलिस बल में शामिल किया गया. इसके चलते प्रदेश राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है.

पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग देने की क्षमता में भी इजाफा

सीएम योगी ने आगे कहा कि 2017 से पहले एक बार में सिर्फ करीब 3,000 पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग देने की क्षमता थी, लेकिन हालात अब बदल चुके हैं. साल 2025 में 60,244 सिपाहियों की भर्ती हुई.इन सभी को यूपी में ही एक साथ ट्रेनिंग दी गई .इससे साबित होता है कि अगर नीयत साफ हो और नीति स्पष्ट हो, तो बड़े नतीजे हासिल किए जा सकते हैं.

सीएम योगी ने यूपी पुलिस की तारीफ की

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यक्षमता की सराहना करते हुए कहा कि किसी राज्य की पहली गारंटी सशक्त कानून-व्यवस्था ही होती है. पुलिस द्वारा बनाए गए गुंडा और माफिया मुक्त वातावरण के कारण ही आज देश और दुनिया के बड़े निवेशक उत्तर प्रदेश आ रहे है. पुलिस शांति व्यवस्था बनाने के साथ-साथ प्रदेश की आर्थिक उन्नति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. इससे प्रदेश एक समृद्ध राज्य के तौर पर सामने आ रहा है.

Follow Us