सुल्तानपुर में हादसा: लुधियाना से आ रही बस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पलटी, 34 यात्री घायल

पंजाब के लुधियाना से एक प्राइवेट बस आजमगढ़ आ रही थी. सुबह करीब 6 बजे ये बस बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 108 पर पहुंची थी. इसी दौरान अनियंत्रित होकर बस पलट गई. इस हादसे में बस में सवार करीब 34 लोग घायल हो गए.

सुल्तानपुर में बड़ा बस हादसा

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक प्राइवेट बस पलटने से हड़कंप मच गया. इस हादसे में करीब 34 लोग घायल हो गए. इलाज के लिए सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. इनमें से तकरीबन 18 लोगों की हालत गंभीर थी, उन्हें तुरंत जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. वहीं, 4 लोगों की स्थिति अत्यंत गंभीर होने के चलते उन्हें लखनऊ भेजा गया.

लुधियाना से आ रही थी बस

पंजाब के लुधियाना से एक प्राइवेट बस आजमगढ़ के लिए रवाना हुई. सुबह करीब 6 बजे ये बस बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 108 पर पहुंची थी. इसी दौरान अनियंत्रित होकर बस पलट गई. इस हादसे में बस में सवार करीब 34 लोग घायल हो गए.

सुबह 6 बजे हुआ हादसा

घटना सुबह करीब साढ़े छह बजे की है. बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी. हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारु निगम सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे.

4 यात्रियों की हालत बेहद गंभीर

आनन फानन एंबुलेंस के जरिए सभी को प्राथमिक उपचार के लिए कूरेभार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहीं, एक बच्ची के साथ 18 अन्य गंभीरों को तत्काल बेहतर इलाज के लिए जिले के मेडिकल कॉलेज लाया गया. 4 घायलों को लखनऊ रेफर कर दिया गया है.वहीं बस सवार अन्य लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से वाहन की व्यवस्था कराई गई है.

क्यों हुआ हादसा, पुलिस कर रही जांच

फिलहाल, पुलिस प्रशासन की तरफ से स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी घायलों का समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया गया है. सभी घायल खतरे से बाहर हैं, लेकिन 4 की स्थिति गंभीर बनी हुई है. पुलिस की तरफ से हादसे के असल कारणों की जांच की जा रही है.

Follow Us