नीचे पेट शॉप में भड़की चिंगारी, ऊपर लाइब्रेरी तक पहुंची लपटें; लखनऊ अग्निकांड की पूरी कहानी
लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग की घटना हुई है. आग बिल्डिंग में नीचे संचालित पेट शॉप से शुरू हुई और देखते ही देखते ऊपर लाइब्रेरी और कोचिंग तक पहुंच गई. इस आग में 15 बच्चों की मौत हो चुकी है. इनमें ज्यादातर बच्चे दम घुटने से मरे हैं. संकरी सीढ़ियों और दमकल की देरी ने बचाव कार्य में बाधा डाली.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी आग ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. इस हादसे में 14 बच्चों की झुलसने और धुएं की चपेट में आने से मौत हो चुकी है. सूचना पाकर मौके पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने घटना की पुष्टि की. कहा कि अब तक 15 लाशें निकाली जा रही हैं. मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
स्थानीय लोगों के मुताबिक अलीगंज-पुरनिया इलाके में स्थित इस बिल्डिंग में नीचे पेट शॉप है, वहीं ऊपर कोचिंग का संचालन होता है. बताया जा रहा है कि करीब 2 बजकर 15 मिनट पर पेट शॉप में आग लगी थी. देखते ही देखते आग ने प्रचंड रूप लिया और लपटें ऊपर कोचिंग तक पहुंचने लगीं. इससे कोचिंग में हड़कंप मच गया. कोचिंग में मौजूद छात्र भागने की कोशिश करते, इससे पहले आग ने पहले फ्लोर पर स्थित लाइब्रेरी तक पहुंच गई थी. इसके चलते लाइब्रेरी में बैठे छात्र आग में घिर गए.
कूद कर बचाई जान
लाइब्रेरी में बैठे कई बच्चे खुद को आग की लपटों में घिरते देख खिड़की से बाहर की ओर कूद गए. इससे वह चोटिल तो हो गए, लेकिन उनकी जान बच गई. वहीं कई बच्चे खुद को बाथरूम में बंद कर लिए. इतने में लपटें दूसरी और तीसरी मंजिल तक पहुंचने लगी. इस बिल्डिंग के तीसरे फ्लोर पर एनिमेशन सेंटर और गेमिंग जोन है. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के मुताबिक अभी तक 15 लाशें निकाली जा चुकी हैं. इनमें ज्यादातर छात्र है. मेडिकल टीम के मुताबिक सभी छात्रों की मौत दम घुटने की वजह से हुई है.
आधे घंटे बाद पहुंची दमकल
बिल्डिंग में आग लगते ही अंदर और बाहर अफरातफरी की स्थिति बन गई. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत कंट्रोल रूम में फोन किया, बावजूद इसके, दमकल को मौके पर पहुंचने में आधे घंटे लग गए. इसके बाद दमकल टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की. इस हादसे के दौरान एक वीडियो सामने आया है. इसमें एक छात्र पहले फ्लोर से कूदते नजर आ रहा है.
आला अधिकारी पहुंचे
घटना की खबर सुनते ही एक तरफ जहां सीएम योगी अपना अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़कर वापस लौट रहे हैं, वहीं लखनऊ में डीजीपी और अपर मुख्य सचिव गृह के अलावा डीएम और पुलिस कमिश्नर समेत तमाम बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. खुद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य चल रहा है.
रेस्क्यू में आई मुश्किल
बिल्डिंग में सीढियां संकरी होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान राहत टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना प़ड़ा. हालांकि लोगों की जान की फिक्र करते हुए दमकल टीम ने पास के दूसरे मकान में पहले फ्लोर की दीवार तोड़कर रास्ता बनाया. उस समय बिल्डिंग के अंदर इतना धुआं भरा था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था.