14 साल की छात्रा का एक साल से शोषण कर रहा था कोचिंग टीचर, गिरफ्तार

लखनऊ में एक कोचिंग टीचर को 14 साल की स्टूडेंट के साथ करीब एक साल तक दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पीड़िता की मां की शिकायत के बाद पुलिस ने POCSO एक्ट और BNS के तहत केस दर्ज किया है. इस भयावह घटना ने गुरु जैसे पवित्र शब्द को तार तार कर दिया है.

नाबालिग स्टूडेंट रेप मामले में कोचिंग टीचर गिरफ्तार

लखनऊ के तालकटोरा याना क्षेत्र में गुरु-शिष्य के रिश्तों को शमसार करने वाला मामला सामने आया है. राजाजीपुरम स्थित एक कोचिंग संस्थान के शिक्षक पर 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा को डरा-धमकाकर और ब्लैकमेल कर एक साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को छात्रा की मां ने तालकटोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी कक्षा-9 की छात्रा है और राजाजीपुरम स्थित निखिल क्लासेस में पढ़ाई करती है. आरोप है कि वहीं पढ़ाने वाला 30 वर्षीय शिक्षक विवेक तिवारी सोशल मीडिया के जरिए छात्रा के संपर्क में आया और धीरे-धीरे उसे झांसे में ले लिया.

घर से नकदी और एक अंगूठी भी चोरी कराया

छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील चैटिंग करता था. छात्रा को लगातार डरा-धमकाकर ब्लैकमेल करता रहा और बार-बार दुष्कर्म एवं अन्य यौन कृत्य किए. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी शिक्षक के धमकाने और कहने पर छात्रा ने घर से नकदी और एक अंगूठी चोरी कर उसे दे दी.

कोचिंग संचालक से शिकायत पर जान की धमकी

जब परिजनों को पूरे मामले की जानकारी हुई और उन्होंने कोचिंग संचालक निखिल तिवारी से शिकायत की तो उसने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए तालकटोरा पुलिस ने बीएनएस की धारा धारा 65(1), 351(2), 352 और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.

पुलिस ने आरोपी को उसके घर से किया अरेस्ट

पुलिस ने इसके बाद आरोपी टीचर विवेक तिवारी पुत्र स्व. अमोद तिवारी को उसके निवास श्रम विहार नगर, मवैया (थाना आलमबाग से हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इस घटना ने गुरु जैसे पवित्र शब्द को तार तार कर दिया है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

Follow Us