‘नेहरू अगर जिंदा होते तो कांग्रेस के CM होते कांशीराम’, लखनऊ में बोले राहुल गांधी
लखनऊ में कांग्रेस ने कांशीराम दिवस से दो दिन पहले सोशल चेंज मीट का आयोजन किया, जिसमें राहुल गांधी भी मौजूद रहे. करीब 4 हजार लोगों की मौजूदगी में राहुल ने कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग का प्रस्ताव पास किया और कहा कि संसद में इसे उठाएंगे. उन्होंने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला और कहा कि नरेंद्र ने अमेरिका के आगे सरेंडर कर दियात... अब वे भारत के प्रधानमंत्री नहीं, अमेरिका का काम कर रहे हैं.
कांग्रेस ने कांशीराम जयंती से दो दिन पहले यानी आज लखनऊ में सामाजिक परिवर्तन दिवस के रूप में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मौजूद रहे. कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुआ, जहां करीब 4 हजार लोग शामिल हुए. यह कांग्रेस की ओर से दलित वोट बैंक को साधने और 2027 यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी का बड़ा कदम माना जा रहा है. इस दौरान राहुल गांधी ने कई बड़ी बातें कही.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी साइकोलॉजिकली खत्म हो गए हैं… वे अब भारत के प्रधानमंत्री नहीं रहे, अमेरिका का काम कर रहे हैं…. संसद में बोलने पर मोदी भागकर निकल गए… अमेरिका के आगे सरेंडर कर दिया…अमेरिका और भारत में एनर्जी सिक्योरिटी समझौता हुआ, अमेरिका तय करेगा कि हम तेल कहां से लेंगे… 9 लाख करोड़ का माल अमेरिका से खरीदेंगे, भारतीय बिजनेस (कपास, सोया, फल, बादाम, अखरोट) प्रभावित होंगे.’
‘कांशीराम कांग्रेस के मुख्यमंत्री होते’
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘अगर नेहरू जी जिंदा होते तो कांशीराम कांग्रेस के मुख्यमंत्री होते… कांग्रेस ने अपना काम नहीं किया, इसलिए कांशीराम सफल हुए… भाजपा ने समाज को 15% और 85% में बांट दिया, फायदा सिर्फ 15% को मिल रहा है.’ केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान की विचाराधारा नहीं मानते… संविधान में आंबेडकर-गांधी की आवाज है, सावरकर-गोडसे की नहीं.’
‘100 ऐसे लोग चाहिए जो मर मिटने को तैयार हों’
कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘यूपी में 100 ऐसे लोग चाहिए जो मर मिटने को तैयार हों… हिंदुस्तान की राजनीति बदलें, गरीब-दलित-आदिवासी-पिछड़ों को पावर स्ट्रक्चर में शामिल करें… राहुल गांधी जिंदाबाद से फायदा नहीं, मन बना लो कि गलत को एक्सेप्ट नहीं करोग… आंबेडकर-कांशीराम कभी कम्प्रोमाइज नहीं हुए… जाति जनगणना होगी… मनरेगा में 100% दलित-पिछड़े काम करते हैं… कांग्रेस गरीब पार्टी है, हम अमीर पार्टी नहीं बनना चाहते.’
कांशीराम को भारत रत्न देने का प्रस्ताव पास
कांग्रेस ने कांशीराम को सामाजिक न्याय और बहुजन भागीदारी का प्रतीक बताया. पार्टी ने कांशीराम को भारत रत्न देने का प्रस्ताव पास किया और संसद में मांग उठाने की बात कही. यह पहली बार था जब राहुल गांधी ने कांशीराम जयंती से पहले लखनऊ में ऐसा बड़ा इवेंट किया. इसके पीछे यूपी की दलित सियासत अहम है. यूपी में दलित वोटर (21%) निर्णायक हैं. लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन को दलितों ने वोट दिया था. इसका फायदा पार्टी को मिला था.
