मंत्री दानिश अंसारी बोले- फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी दवाएं देने तक सीमित नहीं…

विश्व फार्मासिस्ट दिवस और राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का आयोजन Image Credit:

राजधानी लखनऊ में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से विश्व फार्मासिस्ट दिवस और राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का आयोजन किया गया. AKTU के पंडित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश आजाद अंसारी समेत कई लोग शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का इस्तेमाल न करने और एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति लोगों को जागरूक किया गया.

फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से लखनऊ के AKTU स्थित पंडित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में विश्व फार्मासिस्ट दिवस और राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश आजाद अंसारी की मौजूदगी रही. इस दौरान एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस यानी रोगाणुरोधी प्रतिरोध के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया. अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया.

इस दौरान मंत्री दानिश अंसारी ने कहा कि फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी दवाएं देने तक सीमित नहीं है… मरीजों की सुरक्षा, दवाओं का सही इस्तेमाल, औषधि प्रबंधन और अनुसंधान में भी उनकी भूमिका है.

कार्यक्रम में फार्मा क्विज, वैज्ञानिक पोस्टर प्रस्तुति, स्किट, जागरूकता रील्स और जनस्वास्थ्य से जुड़े नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को दवाओं के सही इस्तेमाल का संदेश दिया गया. खास तौर पर बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाएं लेने से होने वाले नुकसान और दवाओं के प्रति रोगाणुओं में बढ़ते प्रतिरोध के बारे में जागरूक किया गया.

आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों की भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.

Follow Us