2 घंटे में दिल्ली से बनारस… UP के रास्ते दौड़ेगी देश की दूसरी बुलेट ट्रेन, इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
भारत की दूसरी बुलेट ट्रेन दिल्ली-सिलीगुड़ी रूट पर चलेगी. यह दिल्ली से वाराणसी का सफर केवल दो घंटे में पूरा करेगी, जिसमें लखनऊ, वाराणसी और पटना में ठहराव होगा. यह परियोजना यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को भारी लाभ पहुंचाएगी, यात्रा का समय काफी घटाएगी और व्यापार-पर्यटन को बढ़ावा देगी. इससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी.
मुंबई-अहमदाबाद रूट पर पहली बुलेट ट्रेन चलाने के बाद देश में दूसरी बुलेट ट्रेन चलाने का रूट फाइनल हो गया है. यह रूट दिल्ली-सिलीगुड़ी है. बड़ी बात यह कि दिल्ली से चलकर यह बुलेट ट्रेन यूपी और बिहार के रास्ते सिलीगुड़ी तक जाएगी. यूपी के लखनऊ और बनारस स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव होगा. वहीं बिहार में यह ट्रेन पटना स्टेशन पर रूकेगी. यह जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनि वैष्णव ने दी.
उन्होंने बताया कि इस ट्रेन में दिल्ली से वाराणसी का सफर महज दो घंटे में होगा. अभी इस सफर में कम से कम 8-10 घंटे का समय लगता है. वहीं दिल्ली सिलीगुड़ी जाने में महज छह घंटे लगेंगे. अभी इस सफर में 20 घंटे से भी अधिक समय लग जाता है. उन्होंने बताया कि इस ट्रेन के चलने से केवल बंगाल के लोगों को ही नहीं, बल्कि बिहार और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी बड़ा लाभ होने वाला है.
मंत्री ने बताया पूरा रूट
इस ट्रेन की घोषणा करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि देश की अगली बुलेट ट्रेन देश की राजधानी दिल्ली से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के बीच चलेगी. इस ट्रेन के स्टॉपेज यूपी में लखनऊ और वाराणसी तथा बिहार में पटना होंगे. इस ट्रेन के चलने से न केवल पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के लोगों को फायदा होगा, बल्कि यूपी बिहार के यात्रियों का भी सफर आसान हो जाएगा. आवागमन तेज होने से इन क्षेत्रों में कारोबार भी तेजी से बढ़ेगा.
अगले साल चलेगी पहली बुलेट ट्रेन
इस समय देश के पहले बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट (मुंबई से अहमदाबाद) पर काम चल रहा है. उम्मीद है कि अगले साल की शुरूआत में इस प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया जाएगा. इस प्रोजेक्ट के पूरा होते ही दूसरे रूट पर काम शुरू कर दिया जाएगा. कोलकाता दौरे पर गए रेल मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में रेलवे करीब 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश कर रही है. रेलवे के कई प्रोजेक्ट्स पर पहले से काम चल रहा है.
यूपी के लिए क्यों अहम है ये प्रोजेक्ट?
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश में लखनऊ और वाराणसी दोनों बड़े आर्थिक और धार्मिक केंद्र हैं. इसी प्रकार बिहार में पटना भी बड़ा आर्थिक केंद्र है. दिल्ली-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन रूट में इन शहरों के शामिल होने से ना केवल पर्यटन उद्योग में तेजी आएगी, बल्कि व्यापार-वाणिज्य और रोजगार के भी नए रास्ते खुलेंगे. इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से दिल्ली से चलकर महज कुछ घंटों में ही लखनऊ और वाराणसी का सफर किया जा सकेगा.