यूपी सरकार के विमान में तकनीकी खराब, इंजन से निकलने लगा धुआं, अंदर बैठे थे डिप्टी CM ब्रजेश पाठक
मुरादाबाद में उत्तर प्रदेश सरकार के सरकारी विमान में तकनीकी खराबी का मामला सामने आया. रनवे पर खड़े विमान के इंजन से से अचानक धुआं निकलने लगा. ऐसा जब हो रहा था तो उस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक विमान के अंदर ही थे. आनन-फानन में उन्हें विमान से बाहर निकाला गया.
मुरादाबाद एयरपोर्ट में उत्तर प्रदेश के सरकारी विमान में तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया. अचानक से विमान के इंजन ने काम करना बंद कर दिया. साथ ही इंजन के हिस्से से धुआं भी निकलने लगा. अफरा-तफरी उस समय और अधिक मच गई, जब यह जानकारी हुई विमान के अंदर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बैठे हुए थे. ब्रजेश पाठक को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.
जानकारी के अनुसार, डिप्टी सीएम मुरादाबाद और संभल के आधिकारिक दौरे पर थे, जहां संभल में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक पूरी करने के बाद वे शाम लगभग 4:40 बजे मुंडापांडे एयरपोर्ट पर विमान में बैठे. लेकिन विमान ‘होल्डिंग पॉइंट’ तक ही पहुँचा था कि पायलट को एक इंजन के खराब होने का आभास हुआ. और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी.
डिप्टी सीएम एक्सप्रेसवे के रास्ते लखनऊ रवाना
इसके बाद उड़ान रद्द करने का फैसला किया गया और विमान को सुरक्षित रूप से वापस मोड़ लिया गया है. इस पूरे घटनाक्रम में करीब 10 मिनट का समय लगा है. घटना के सामने आने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं . विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया है. डिप्टी सीएम को बाहर निकाल लिया गया है.
इस आपातकालीन स्थिति के तुरंत बाद, शाम करीब 4:45 बजे ब्रजेश पाठक के काफिले को सड़क मार्ग से भेजने का निर्णय लिया गया है. डिप्टी सीएम एक्सप्रेसवे के रास्ते लखनऊ के लिए रवाना हो गए. वहीं, विमान की जांच तकनीकी टीमों द्वारा शुरू कर दी गई है. फिलहाल, खराबी के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है.
ATC कंट्रोलर की जुबानी, कैसे टला बड़ा हादसा
मुंडापांडे एयरपोर्ट पर तैनात एटीसी के असिस्टेंट मैनेजर अजय कुमार सिंह ने बताया कि जिस समय यह वाकया हुआ, वह खुद ड्यूटी पर बतौर कंट्रोलर तैनात थे. विमान ने 4:40 PM के आसपास स्टार्टअप लिया था और होल्डिंग पॉइंट पर पहुँचते ही पायलट ने रेडियो कम्युनिकेशन के जरिए एटीसी को सूचित किया कि प्लेन में तकनीकी खराबी आ गई है.
फिलहाल खराब हुआ विमान मुंडापांडे एयरपोर्ट पर ही खड़ा किया गया है. एटीसी मैनेजर अजय कुमार सिंह के मुताबिक, विमान में एक्जैक्टली क्या तकनीकी खराबी आई है, इसकी सटीक जांच और पुष्टि केवल टेक्निकल टीम ही कर पाएगी है. जल्द ही इंजीनियर्स और एक्सपर्ट्स की एक विशेष तकनीकी टीम मुरादाबाद एयरपोर्ट पहुंचेगी.
