लखनऊ के वो 5 अग्निकांड, जिनमें 20 से अधिक लोगों ने गंवाई जान; खाक हुआ अरबों का कारोबार

लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड ने देश को दहला दिया है, जिसमें 15 लोगों की मौत हुई है. यह राजधानी के लिए कोई नई बात नहीं है. विगत वर्षों में विकासनगर, लेवाना होटल, विराट होटल और अमीनाबाद बाजार जैसे स्थानों पर कई भीषण अग्निकांड हुए, जिनमें कुल मिलाकर 20 से अधिक लोगों ने जानें गंवाई हैं और अरबों का कारोबार खाक हो चुका है.

लखनऊ में आग Image Credit:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया इलाके में शनिवार की दोपहर लगी आग से पूरा देश दहल गया है. इस हादसे में अब तक 15 लोगों की झुलसने से मौत हो चुकी है. जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी होकर अस्पताल पहुंच गए हैं. राजधानी लखनऊ में यह कोई पहला अग्निकांड नहीं है, जिसने पूरे देश को दहलाया है. इससे पहले विकास नगर में भीषण अग्निकांड हुआ था.

15 अप्रैल 2026 की शाम को हुए इस अग्निकांड में 1200 से अधिक झोपड़ियां देखते ही देखते जलकर खाक हो गई थीं. इस आग के साथ 1200 से अधिक परिवारों के सपने भी जलकर काफूर हो गए थे. वहीं लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में ही 6 सितंबर 2022 को लेवाना होटल में भीषण अग्निकांड हुआ था. इस हादसे में 4 लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई थी. जबकि कई लोग झुलस कर अस्पताल पहुंचे थे. इनमें से भी कुछ लोगों की बाद में मौत हो गई थी.

विराट होटल अग्निकांड में हुई थी 7 मौतें

चारबाग रेलवे स्टेशन के पास होटल विराट इंटरनेशनल में 19 जून 2018 को भीषण अग्निकांड हुआ था. यह अग्निकांड इस कदर डरावना था कि आग बुझाने पहुंची दमकल टीम भी लपटों को देखकर सहम गई थी. इस दर्दनाक अग्निकांड में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. इनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था. वहीं करीब दर्जन भर लोग बुरी तरह झुलस गए थे. इन सभी लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बाद में एक या दो लोगों की मौत हुई थी.

अमीनाबाद बाजार में कई बार लगी आग

राजधानी लखनऊ के सबसे पुराने और व्यस्त बाजार अमीनाबाद में कई बार आग की भीषण घटनाएं हो चुकी हैं. इस बाजार में छोटी सी आग भी संकरे रास्तों और लटकते बिजली के तारों की वजह से देखते ही देखते बड़ी हो जाती है. यहां के गड़बड़झाला और प्रताप मार्केट जैसे कपड़ा व जूता बाजारों में बार बार हुए अग्निकांड में करोड़ों का माल जलकर खाक हो चुका है. इस बाजार में आग की वजह से अरबों का कारोबार बर्बाद हो चुका है.

Follow Us