राम मंदिर के CEO बनना चाहते हैं पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर, किया आवेदन
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में CEO पद के लिए आवेदन प्रक्रिया के बीच पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने भी अपनी दावेदारी पेश की है. उन्होंने अपने आवेदन में करीब 30 सालों के प्रशासनिक, सुरक्षा, सतर्कता और कार्मिक प्रबंधन के अनुभव का जिक्र करते हुए चयन प्रक्रिया में शामिल किए जाने का अनुरोध किया है. ट्रस्ट ने CEO पद के लिए 18 जुलाई तक आवेदन मांगे हैं.
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद के लिए आवेदन प्रक्रिया के बीच एक चर्चित नाम सामने आया है. पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने ट्रस्ट के CEO पद के लिए औपचारिक आवेदन किया है. अपने आवेदन में अमिताभ ठाकुर ने भारतीय पुलिस सेवा और लोक प्रशासन में करीब तीन दशक के अनुभव का जिक्र किया है.
अमिताभ ठाकुर ने अपने आवेदन में लिखा है कि वह हिंदू सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से जुड़े हैं और भारतीय धार्मिक एवं दार्शनिक परंपराओं के प्रति उनकी गहरी आस्था है. उन्होंने भगवान श्रीराम के मर्यादा, न्याय, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण के आदर्शों के प्रति सम्मान व्यक्त किया है. साथ ही कहा है कि उन्हें सुरक्षा प्रबंधन, सतर्कता (विजिलेंस), विधिक एवं प्रशासनिक मामलों, कार्मिक प्रबंधन और संस्थागत समन्वय का व्यापक अनुभव है.
आवेदन में क्या कहा?
अमिताभ ठाकुर ने ट्रस्ट से अनुरोध किया है कि उनके प्रशासनिक अनुभव, योग्यता और पारदर्शिता के क्षेत्र में किए गए कार्यों को देखते हुए उनकी अभ्यर्थिता पर विचार किया जाए और उन्हें चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाए. फिलहाल, ट्रस्ट की ओर से 18 जुलाई तक सारे आवेदन मांगे गए हैं. आवेदन मिलने के बाद तीन सदस्यीय समिति इसकी स्क्रूटनी करेगी और फाइनल शार्ट लिस्ट कैंडिडेट को बुलाकर इंटरव्यू लिया जा सकता है.
ट्रस्ट ने निकाली है CEO की भर्ती
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने हाल ही में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. यह नियुक्ति तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए की जाएगी. ट्रस्ट के अनुसार, इच्छुक और पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन मांगे गए हैं. CEO का दायित्व राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक कार्यों, समन्वय, वित्तीय एवं संस्थागत प्रबंधन और विभिन्न परियोजनाओं के संचालन की निगरानी करना होगा.
चढ़ावा प्रकरण के बाद अहम मानी जा रही नियुक्ति
राम मंदिर में चढ़ावे की कथित अनियमितताओं के मामले के बाद ट्रस्ट ने प्रशासनिक ढांचे में कई बदलाव किए हैं. हाल ही में कार्यकारी महासचिव की नियुक्ति, बैंक खातों के संचालन के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन और CEO पद सृजित करने जैसे फैसले लिए गए हैं. ऐसे में CEO की नियुक्ति को ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे को और अधिक पेशेवर एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.