गंगा एक्सप्रेस वे पर कार का 1800 रुपये टोल टैक्स, 24 घंटे में वापसी पर मिलेगी 20 प्रतिशत तक छूट

गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रा के लिहाज से समय की बचत होगी लेकिन जेब पर खर्च बढ़ेगा. एक तरफ का पूरा सफर करने के लिए कार चालकों को 1800 रुपये टोल टैक्स देना होगा.वहीं, बस, ट्रक और अन्य भारी वाहनों के अलग से टोल की दरें तय की गई हैं.

गंगा एक्सप्रेसवे Image Credit:

गंगा एक्सप्रेसवे पर मेरठ से प्रयागराज तक का सफर अब महंगा पड़ने वाला है. 594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे पर कार चालकों को एक तरफ का पूरा सफर करने के लिए 1800 रुपये टोल टैक्स चुकाना होगा. इससे गाड़ी मालिकों की जेब काफी ढीली होने वाली है. उत्तर प्रदेश सरकार ने गंगा एक्सप्रेसवे के लिए टोल दरें जारी कर दी हैं. ये दरें वाहन के प्रकार के अनुसार तय की गई हैं. पूरा 594 किमी का सफर तय करने पर दो पहिया, तीन पहिया वाहनों और पंजीकृत ट्रैक्टर चालकों को 905 रुपये टोल देना होगा.

वाहन अनुसार टोल दरें

कार, जीप, वैन और हल्के वाहन -1800 रुपये
हल्के वाणिज्यिक वाहन और हल्के माल वाहन- 2840 रुपये
बस और ट्रक पर-5720 रुपयेदोपहिया, तीनपहिया और पंजीकृत ट्रैक्टर-905 रुपये
भारी निर्माण मशीनरी, मिट्टी हटाने वाले वाहन और मल्टी एक्सल वाहन (MAV)-8760 रुपये
उपकरण वाले बहुएक्सल वाहन और अत्यधिक बड़े वाहन 7 या अधिक एक्सल वाले 11265 रुपये

ये टोल दरें FASTag के माध्यम से स्वचालित रूप से कटेंगी. एक्सप्रेसवे पर कुल 14 टोल प्लाजा बनाए गए हैं, जिनमें दो मुख्य टोल प्लाजा मेरठ और प्रयागराज में हैं, जबकि बाकी रैंप प्लाजा एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर स्थित हैं.

समय की बचत, लेकिन खर्च बढ़ा

गंगा एक्सप्रेसवे के चालू होने से मेरठ से प्रयागराज की यात्रा का समय पहले के मुकाबले काफी कम हो जाएगा. सामान्य सड़कों से जहां यह सफर 10-12 घंटे या उससे अधिक लेता था, वहीं अब 120 किमी प्रति घंटा की स्पीड से यह यात्रा मात्र 6 से 7 घंटे में पूरी की जा सकेगी. यह देश का सबसे लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है, जो गंगा नदी के समानांतर है और पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

आम लोगों और छोटे व्यापारियों के लिए परेशानी

इतना ऊंचा टोल आम लोगों और छोटे व्यापारियों के लिए बोझ साबित हो सकता है. विशेषकर जिन्हें नियमित रूप से इस मार्ग पर आना-जाना पड़ता है, उनके लिए मासिक खर्च काफी बढ़ जाएगा. 1500-1515 रुपये अनुमानित था, लेकिन अंतिम घोषणा में यह 1800 रुपये तय हुआ है.

24 घंटे में वापसी पर कार चालक को टोल में इतनी छूट

अगर कार चालक 24 घंटे के अंदर इसी रूट से वापसी करता है तो उसे टोल में करीब 20 प्रतिशत तक छूट मिलती है. ऐसे में कार का राउंड ट्रिप लगभग जो 3600 रुपये लगता, उसके लिए 2800 रुपये ही देय होगा. वहीं, दो पहिया चालकों को राउंड ट्रिप पर छूट मिलने क तकरीबन 1,448 रुपये देना होगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल हरदोई में इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था. यह परियोजना उत्तर प्रदेश को ‘एक्सप्रेसवे प्रदेश’ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है. सरकार का दावा है कि बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा.

शुरुआती दिनों में मिल सकती है छूट

आम वाहन चालकों को अब हर यात्रा पर अतिरिक्त खर्च का हिसाब रखना होगा.यात्रा करने से पहले FASTag बैलेंस चेक कर लें और टोल दरों की पुष्टि कर लें. हालांकि, शुरुआती दिनों मे कार चालकों जो छूट मिलने जा रही वह उनके लिए राहत लेकर आई है. लेकिन कुछ भी गंगा एक्सप्रेसवे पर फर्राटा भरना अब आरामदेह तो होगा, लेकिन जेब पर असर जरूर पड़ेगा.

Follow Us