अगले 40 दिनों तक बंद रहेगा लखनऊ का ये रास्ता, घर से निकलने से पहले देख लें नया रूट प्लान
लखनऊ के गोमती बैराज पुल पर 8 मई से 15 जून तक आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी. ऐसे में ट्रैफिक विभाग ने समतामूलक से बैकुंधाम/निशातगंज जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट की व्यवस्था की है. हालांकि, डेढ़ महीने तक बैराज बंद रहने से ट्रैफिक व्यवस्था बड़ी चुनौती मानी जा रही है. इससे शहर के अन्य रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है.
अगर आप भी रोजाना यात्रा के लिए लखनऊ के गोमती बैराज पुल के लिए इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. सिंचाई विभाग बैराज के गेटों को बदलने और उसके मरम्मत का काम शुरू करने जा रही है. इसके चलते 8 मई से 15 जून इस पुल पर आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा. इसके अलावा प्रशासन ने किसी भी तरह की अपातकालीन स्थिति के लिए ट्रैफिक विभाग पर संपर्क करने की सलाह दी गई है. इसके लिए एक अपातकालीन मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है.
ट्रैफिक विभाग ने जारी किया नया रूट प्लान
गोमती बैराज पुल पर आवागमन बंद होने को लेकर ट्रैफिक विभाग ने एक विज्ञप्ति भी जारी की है. इसके मुताबिक समतामूलक चौराहा और बैकुंठ धाम तिराहे के बीच वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. समतामूलक से बैकुंधाम/निशातगंज जाने वाहनों को अब 1090 चौराहा, पीएनटी (बालू अड्डा) और भैंसाकुंड होकर जाना पड़ेगा. इसके अलावा वाहन समतामूलक चौराहे से सेंट्रल एकेडमी स्कूल के पास स्थित ग्रीन कॉरिडोर तिराहा होकर निशातगंज की तरफ जा सकते हैं.
अपरिहार्य स्थिति में यहां कर सकते हैं संपर्क
माना जा रहा है कि गोमती बैराज पुल बंद होने के चलते पीक आवर्स के दौरान 1090 चौराहा और बालू अड्डा मार्ग पर जाम की स्थिति भी बन सकती है. ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर अपने गंतव्य की तरफ निकलने की सलाह दी है. विभाग की तरफ से ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 भी जारी किया गया. किसी व्यक्ति को मेडिकल इमरजेंसी या कोई अनिवार्य आवश्यकता होने पर आप इसपर संपर्क कर सकते हैं.
पहले जब ऐसा हुआ तो भारी जाम की स्थिति देखने को मिली थी
गोमती बैराज पुल पर आवाजाही बंद होने के चलते हजरतगंज, निशातगंज, कैसरबाग और गोमतीनगर की सड़कों पर भारी दबाव बढ़ सकता है. यहां भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है. इससे पहले जब गोमती बैराज पुल पर आवागमन बंद हुआ था तो लखनऊ के कई इलाकों में घंटों ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी.