लखनऊ के सबसे पॉश इलाके में आप खरीद सकते हैं लेक व्यू अपार्टमेंट, LDA ने दिया मौका
लखनऊ के गोमती नगर के विराज खंड में एक आलीशान लेक व्यू अपार्टमेंट तैयार हो रहा है. इसके 646 प्रीमियम फ्लैट्स के लिए रजिस्ट्रेशन विंडो को भी खोल दिया गया है. रजिस्ट्रेशन के दौरान सामान्य वर्ग के आवेदकों को फ्लैट की कुल कीमत का 5 प्रतिशत धनराशि रजिस्ट्रेशन के तौर पर जमा करनी होगी. वहीं, आरक्षित वर्ग के आवेदकों को 2.5 प्रतिशत की राशि जमा करनी होगी.
लखनऊ में घर का सपना देख रहे लोगों के लिए खुशखबरी आई है. यहां के सबसे पॉश और विकसित इलाके गोमती नगर के विराज खंड में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ‘लेक व्यू अपार्टमेंट’ शुरू करने जा रहा है. एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की तरफ से इस महत्वाकांक्षी योजना को लॉन्च भी कर दिया गया है. इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की भी शुरुआत हो गई है, जो 18 जून 2026 तक जारी रहेगी.
प्लैट खरीदने की इच्छा रखने वाले लोग एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं. रजिस्ट्रेशन के दौरान सामान्य वर्ग के आवेदकों को फ्लैट की कुल कीमत का 5 प्रतिशत धनराशि रजिस्ट्रेशन के तौर पर जमा करनी होगी. वहीं, आरक्षित वर्ग के आवेदकों को इसके लिए 2.5 प्रतिशत की राशि जमा करनी होगी. इसके बाद एलडीए की तरफ से लॉटरी प्रक्रिया से फ्लैटों का आवंटन किया जाएगा.
646 प्रीमियम फ्लैट्स का होगा आवंटन
बताया जा रहा है कि ‘लेक व्यू अपार्टमेंट’ बेहद आलीशान तरीके से बनाया जाएगा. इसका ऑर्टिटेक्ट बहुत शानदार होगा. अपार्टमेंट में 60 मीटर की ऊंचाई वाले 19 मंजिला 3 टावर खड़े किए जाएंगे. इन टावरों में कुल 646 प्रीमियम फ्लैट्स होगा. इन सभी फ्लैट्स में 3 बीएचके प्लस सर्वेंट रूम होगा. फ्लैट का एरिया 2340 वर्ग फीट होगा. प्रति फ्लैट की अनुमानित कीमत 1.13 करोड़ रुपये तय की गई है.
अपार्टमेंट में मिलेंगी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं
लेक व्यू अपार्टमेंट की सबसे खास बात होगी, उसके पास मौजूद झील. इसके पास शानदार जॉगिंग ट्रैक और आधुनिक एंटरटेनमेंट जोन भी बनाए जाएंगे. अपार्टमेंट के अंदर स्वीमिंग पूल, विशाल पार्क और बच्चों के लिए किड्स प्ले-एरिया होंगे. इनडोर गेम्स और सोसायटी के लोगों के लिए आयोजनों के लिए भव्य क्लब हाउस भी बनाया जाएगा. 24 घंटे बिजली की व्यवस्था होगी. सुरक्षा व्यवस्था भी चौकस रखा जाएगा. 1000 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा दी जाएगी. अपार्टमेंट परिसर के अंदर ही कमर्शियल दुकानें भी होंगी.
3 साल के भीतर प्रोजेक्ट पूरा करने का लक्ष्य
लेक व्यू अपार्टमेंट जहां बनाया जाएगा, वह क्षेत्र शहीद पथ, गोमती नगर रेलवे स्टेशन, अवध बस स्टेशन, सिनेपॉलिस मॉल के साथ-साथ शहर के कई हॉस्पिटल्स और प्रतिष्ठित स्कूल मात्र कुछ ही मिनटों की दूरी पर है. फिलहाल, इस योजना के निर्माण की लागत 760 करोड़ रुपये तय किया गया है. इस प्रोजेक्ट को 3 साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. 5 साल के भीतर आवंटियों को फ्लैटों की चाबियां सौंप दी जाएंगी.
36 महीनों की आसान किस्तें जमा कर सकते हैं शेष राशि
लेक व्यू अपार्टमेंट में जिन लोगों को फ्लैटों का आवंटन दिया जाएगा, उन्हें 36 महीनों (3 साल) की आसान किस्तों में शेष धनराशि जमा करने की सुविधा दी जाएगी. वहीं, अगर आवंटी, आवंटन के 45 से 90 दिनों के भीतर पूरी धनराशि जमा करते हैं, तो उन्हें कुल कीमत पर 4 से 6 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी.
