राज्यपाल ने गोरखपुर यूनिवर्सिटी पर नाराजगी जताई तो अखिलेश बोले- ‘डबल इंजन’ बन गया ‘ट्रबल इंजन’

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हॉस्टलों की व्यवस्थाओं और वहां नशे का सामान पहुंचने को लेकर गंभीर चिंता जताई. उन्होंने गर्ल्स हॉस्टल में खाने की गुणवत्ता खराब मिलने और बॉयज हॉस्टल में भोजन की व्यवस्था नहीं होने का भी जिक्र किया. इस मुद्दे पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला.

राज्यपाल आनंदीबेन के साथ अखिलेश यादव Image Credit: फाइल फोटो

गोरखपुर के दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की ओर से हॉस्टलों में नशे का सामान पहुंचने और व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताए जाने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. अखिलेश यादव ने कहा कि ‘गोरखपुर मॉडल’ की पोल खोलते-खोलते तुलना के रूप में ‘गुजरात मॉडल’ की घपलेबाजी की बात भी सामने आ गई.

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘गोरखपुर मॉडल’ की पोल खोलते-खोलते तुलना के रूप में ‘गुजरात मॉडल’ की घपलेबाज़ी की बात भी सामने आ गई. दोनों में जो बातें कॉमन हैं वो ये हैं कि दोनों जगह भाजपाई सरकार है और भाजपाई महा-भ्रष्टाचार भी. आपसी टकराहट ने तो ‘डबल इंजन’ को ‘ट्रबल इंजन’ बना दिया है.’

राज्यपाल ने हॉस्टलों की व्यवस्था पर जताई थी नाराजगी

दरअसल, गोरखपुर के डीडीयू विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों के हॉस्टलों की व्यवस्थाओं पर गंभीर चिंता जताई थी. उन्होंने कहा था कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के हॉस्टलों में नशे का सामान पहुंच रहा है, जो बेहद चिंता का विषय है. राज्यपाल ने हॉस्टलों में गंदगी और खाने की गुणवत्ता ठीक नहीं होने पर भी नाराजगी जताई.

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बताया कि वह विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल गई थीं और वहां खाने की गुणवत्ता अच्छी नहीं मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को बुलाकर सैंपल लेने के निर्देश दिए. सैंपलिंग में किसी तरह का खेल न हो, इसके लिए लखनऊ में भी सैंपल लिए गए. उन्होंने यह भी कहा कि बॉयज हॉस्टल में भोजन की व्यवस्था नहीं है और टिफिन के जरिए खाना पहुंच रहा है. राज्यपाल के मुताबिक, राजभवन की टीम ने हॉस्टलों का निरीक्षण कर जो रिपोर्ट दी है, वह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने तीन महीने के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं.

अखिलेश ने ‘डबल इंजन’ सरकार पर साधा निशाना

राज्यपाल के इस बयान को लेकर अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के साथ गुजरात मॉडल को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि दोनों जगह भाजपा की सरकार है और दोनों जगह ‘भाजपाई महा-भ्रष्टाचार’ है. अखिलेश ने भाजपा के ‘डबल इंजन’ सरकार के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि आपसी टकराव ने डबल इंजन को ‘ट्रबल इंजन’ बना दिया है.

Follow Us