लखनऊ में सुनार से डेढ़ करोड़ की लूट का खुलासा, जौनपुर के दो लुटेरे गिरफ्तार

लखनऊ के गोसाईगंज में सुनार को गोली मारकर ₹1.5 करोड़ के जेवरात लूटने वाले दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार कर लिए गए हैं. पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के लूटे गए आभूषणों को भी बरामद किया है. यह कार्रवाई डीसीपी साउथ और गोसाईगंज पुलिस टीम के संयुक्त ऑपरेशन में हुई.

लखनऊ सुनार लूट: गोली मारने वाले 2 लुटेरे गिरफ्तार Image Credit:

राजधानी लखनऊ के गोसाईंगंज क्षेत्र में सुनार को गोली मारकर लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने जौनपुर से दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया. उनके कब्जे से करीब 1.50 करोड़ के जेवरात भी बरामद किए हैं. यह कार्रवाई डीसीपी साउथ की सर्विलांस सेल और गोसाईगंज पुलिस टीम के संयुक्त ऑपरेशन में हुई.

पुलिस के अनुसार, 23 जून की रात करीब साढ़े आठ बजे अमेठी निवासी ज्वैलर्स कारोबारी सचिन कुमार वर्मा अपनी और अपने भाई की दुकान के सोने-चांदी के जेवरात बैग में रखकर स्कूटी से घर लौट रहे थे. इसी दौरान बंगला भवानी मंदिर के पास तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी रोककर सचिन के पैर में गोली मार दी और जेवरात से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे.

600 सीसीटीवी के जरिए दोनों गिरफ्तार

पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में घटना के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया था. जांच के दौरान पुलिस ने करीब 600 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए. इसके आधार पर रविवार को गोसाईंगंज क्षेत्र के दहेरामऊ अंडरपास के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. जबकि मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है.

जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र के ककोहिया गांव निवासी शिवम यादव उर्फ कुंदन (24) और अंकुल यादव उर्फ गोले (20) के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पहले ज्वैलर्स की रेकी करते थे और फिर चोरी की बाइक का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम देते थे.

रायबरेली और चंदौली में भी सुनारों से लूट

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने 18 जून को रायबरेली के मिल एरिया में और 28 मई को चंदौली के अलीनगर क्षेत्र में भी सुनारों को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था. उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, एक 0.32 बोर की पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है.

पुलिस का कहना है कि गिरोह के तीसरे सदस्य सोनू यादव की तलाश जारी है. डीसीपी दक्षिणी ने इस सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है.

Follow Us