गोरखपुर-लखनऊ में 4 दिन भारी बारिश, आसमानी आफत का भी अलर्ट; जानें UP का मौसम

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है, जिससे गोरखपुर और लखनऊ समेत कई जिलों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात की भी चेतावनी दी है. पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश की संभावना है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पर है. सीएम सिटी गोरखपुर से लेकर रामनगरी अयोध्या और राजधानी लखनऊ तक आज भारी बारिश की संभावना है. भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले चार दिनों तक पश्चिमी यूपी और पूर्वांचल के कई ज्यादातर जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कहीं भारी बारिश होगी तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है. इस दौरान अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात की भी स्थिति बन सकती है.

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन में राजधानी समेत यूपी के आधा दर्जन से अधिक जिलों में संभावित बारिश को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बीते 24 घंटे में खूब बारिश हुई है. पूर्वी यूपी में सीतापुर के भटपुरवाघाट में सबसे ज्यादा 124.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं गोरखपुर के बर्डघाट में 101.8 मिमी, सीतापुर के नैमिषारण्य में 85.6 मिमी और कन्नौज में 81.8 मिमी बारिश हुई है.

शनिवार को भी बरसे बदरा

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को मिर्जापुर तहसील में 77 मिमी और छिबरामऊ में 72.1 मिमी तो लखनऊ के अमौसी केंद्र पर 48.4 मिमी बारिश दर्ज हुई है. इसी प्रकार प्रयागराज, बाराबंकी, बलरामपुर, चित्रकूट, आजमगढ़, गाजीपुर और संतकबीरनगर समेत कई जिलों में भी 15 अगस्त के मौके पर जमकर बारिश हुई. उधर, पश्चिमी यूपी के मुरादाबाद, रामपुर और इटावा में भी अच्छी बारिश हुई है.

आज इन जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने आज के लिए मुरादाबाद, रामपुर, बहराइच, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और श्रावस्ती में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं लखनऊ, सहारनपुर, बिजनौर, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, अयोध्या, बाराबंकी, प्रयागराज, गोरखपुर समेत कई जिलों में यलो अलर्ट है. इन सभी जिलों में आज मूसलाधार बारिश हो सकती है. कई जिलों में आसमानी बिजली गिरने का भी खतरा है.

Follow Us