झूमकर बरसेंगे बदरा! UP में आज मूसलाधार बारिश के अलर्ट, आंधी- तूफान संग बिजली गिरने का भी खतरा
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज रविवार को 62 से अधिक जिलों में मानसून की बारिश हो सकती है. इनमें 30 से अधिक जिलों में मूसलाधार बारिश होगी. वहीं बाकी जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.
उत्तर प्रदेश में आज जमकर बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई इलाकों में आंधी-तूफान तो कुछ जिलों में बिजली गिरने का भी खतरा है. इस संबंध में भारतीय मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज रविवार को 62 से अधिक जिलों में मानसून की बारिश हो सकती है. इनमें 30 से अधिक जिलों में मूसलाधार बारिश होगी. वहीं बाकी जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. जबकि 12 से अधिक जिलों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश के आसार हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के ज्यादातर जिलों में शनिवार की रात से ही बादल छाए हैं. ठंडी हवाएं चल रही हैं और अधिकतम न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट भी दर्ज हुई है. प्रदेश के ज्यादातर जिलों में रविवार की सुबह सूर्योदय के घंटों बाद तक सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए. ज्यादातर जिलों में बारिश का मौसम बना हुआ है. इन जिलों में कभी भी बारिश की शुरूआत हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने की घटनाएं हो सकती हैं.
अगले हफ्ते कैसा होगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक अगले हफ्ते मौसम में थोड़ी ठंडक रहेगी. इस दौरान रूक-रूककर बारिश होती रहेगी. बीच-बीच में धूप भी खिलेगी. मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले कुछ दिनों में प्रदेशभर में मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी. यह स्थिति विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश के ऊपर बने दबाव क्षेत्र के कमजोर होने और दक्षिण पूर्वी राजस्थान के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से बनी हैं. इससे मानसूनी ट्रफ धीरे-धीरे उत्तर की ओर खिसक रही है.
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक आज राजधानी लखनऊ के अलावा कानपुर-प्रयागराज, बलिया-बनारस, गोरखपुर-अयोध्या, बरेली, मेरठ, आगरा, झांसी और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है. खासतौर पर पूर्वांचल के जिलों में भारी बारिश की संभावना है. प्रदेश के इस हिस्से में बिजली गिरने की भी संभावना है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है.
