रिंकू सिंह को RSO, राजकुमार पाल को मिलेगी DSP की पोस्ट, योगी सरकार का खिलाड़ियों को बड़ा तोहफा
योगी सरकार ने प्रदेश के कुल छह अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का तोहफा दिया है. आज यानी मंगलवार शाम 5 बजे लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. इस सूची में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह और पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य राजकुमार पाल का भी नाम शामिल है.
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और हांगझोऊ एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता अलीगढ़ के रिंकू सिंह अब क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी (आरएसओ) बनेंगे. वहीं, पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य गाजीपुर के राजकुमार पाल को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) की नियुक्ति दी जाएगी.
6 अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी
प्रदेश सरकार ने कुल छह अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का तोहफा दिया है. आज यानी मंगलवार शाम 5 बजे लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. इस सूची में शामिल खिलाड़ी अलग-अलग खेलों से ताल्लूक रखते हैं.
रिंकू और राजकुमार पाल के अलावा इन खिलाड़ियों को भी नियुक्ति
पेरिस पैरालंपिक की ऊंची कूद में स्वर्ण पदक विजेता गौतमबुद्धनगर के प्रवीण कुमार को डीएसपी, भाला फेंक में रजत पदक विजेता इटावा के अजीत सिंह को जिला पंचायत राज अधिकारी, 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक विजेता गाजियाबाद की सिमरन को जिला पंचायत राज अधिकारी, 100 एवं 200 मीटर में कांस्य पदक विजेता मुजफ्फरनगर की प्रीतिपाल को खंड विकास अधिकारी का पद दिया दया है.
नौ खिलाड़ियों को लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड
सम्मान समारोह के दौरान प्रदेश के लिए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले नौ खिलाड़ियों को वर्ष 2024-25 के लिए ‘लक्ष्मण अवॉर्ड’ और ‘रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड’ भी प्रदान किए जाएंगे. प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख 11 हजार रुपये नकद के साथ कांस्य प्रतिमा भी दी जाएगी. इसके अलावा 14 खिलाड़ियों को 1 करोड़ 64 लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि. साथ ही 19 अन्य खिलाड़ियों को एकलव्य क्रीड़ा कोष के तहत 8.75 लाख रुपये दिया जाएगा.
इन खिलाड़ियों को लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड
हॉकी में उत्तम सिंह, जिम्नास्टिक में अभिजीत कुमार, कुश्ती में जोंटी कुमार को लक्ष्मण अवॉर्ड दिया जाएगा. वहीं, एथलेटिक्स में प्राची और तान्या चौधरी, शतरंज में वंतिका अग्रवाल को रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड दिया जाएगा. इसके अलावा पैरा कनौइंग में यश कुमार और एथलेटिक्स में प्रवीण कुमार को भी पैरा वर्ग में लक्ष्मण अवॉर्ड दिया जाएगा. टेबल टेनिस खेलने वाली प्रगति केसरवानी को पैरा वर्ग में रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड दिया जाएगा.
