ऋषिकेश-हरिद्वार जाने वालों को तोहफा, UP के इन जिलों से होकर जाएगी ये स्पेशल ट्रेन

समर वैकेशन के दौरान होने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मुजफ्फरपुर और ऋषिकेश के बीच 16 अप्रैल से 12 जुलाई के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने के फैसला किया है. रेलवे ने अपने इस डिसीजन में एक बड़ा बदलाव किया है. अब इस ट्रेन के रूट में गोंडा और सीतापुर रेलवे स्टेशन को भी ऐड किया गया है.

मुजफ्फरपुर और ऋषिकेश के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

समर वैकेशन को देखते हुए मई-जून में ट्रेन की टिकटों के लिए मारामारी शुरू हो चुकी है. अभी से ट्रेन की टिकटों की भारी संख्या में बुकिंग होनी शुरू हो गई है. बुकिंग खुलते ही ट्रेनें फुल होने लगी हैं. गर्मी के दौरान हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले यात्रियों की भी तादाद बढ़ जाती है. इसी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने लखनऊ और गोरखपुर मंडल के यात्रियों को बड़ी खुशखबरी दी है.

रेलवे के नए फैसले के मुताबिक योग नगरी ऋषिकेश और मुजफ्फरपुर के बीच चलने वाली ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन अब हाजीपुर से निकलकर गोरखपुर होते हुए गोंडा और सीतापुर रूट से भी होकर जाएगी. दोनों ही लखनऊ के नजदीक जिलों के स्टेशन में शुमार किए जाते हैं. ऐसे में राजधानी और उसके आसपास के शहरों में रहने वाले यात्री यहां से आराम से इस ट्रेन को पकड़ सकते हैं. मुजफ्फरपुर से इस ट्रेन का हर शुक्रवार और सोमवार को संचालन होगा. वहीं, ऋषिकेश से हर बृहस्पतिवार और रविवार को चलेगी.

जानें इस ट्रेन का क्या है रूट?

04314 ऋषिकेश–मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन ऋषिकेश से दोपहर 3:20 बजे से शुरू होकर हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होते हुए अगले दिन 11:20 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी. वहीं वापसी में 04313 मुजफ्फरपुर–ऋषिकेश स्पेशल ट्रेन मुजफ्फरपुर से दोपहर 2:00 बजे खुलकर हाजीपुर होते सीवान, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली और मुरादाबाद होते हुए अगले दिन 11:15 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी.

16 अप्रैल से 12 जुलाई तक किया जाएगा ट्रेन का परिचालन

ऋषिकेश और मुजफ्फरपुर के बीच चलने वाली इस ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन में कुल 18 डिब्बे लगाए गए हैं. इसमें एसी द्वितीय और तृतीय श्रेणी के साथ स्लीपर, जनरल और एसलआर कोच लगाए गए हैं. दरअसल, समर वैकेशन के दौरान ऋषिकेश और हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को तदाद में तेजी से इजाफा होता है. ऐसी स्थिति में यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्ध हो जाए, उन्हें असुविधा ना हो इसी उद्देश्य से रेलवे ने इस ट्रेन का परिचालन 16 अप्रैल से 12 जुलाई तक करने का फैसला लिया है.

Follow Us