‘अच्छे से खबर ली जाएगी…’ बंगाल में UP के इस IPS का वीडियो वायरल, अखिलेश ने बताया एजेंट

पश्चिम बंगाल चुनाव में IPS अजयपाल शर्मा का वीडियो वायरल हुआ है. इसमें वे TMC प्रत्याशी जहांगीर खान के परिवार को धमकाते दिख रहे हैं. इस पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने IPS को 'BJP एजेंट' बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. अखिलेश ने बीजेपी और उसके साथियों को भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है, और इन्हें लोकतंत्र का अपराधी बताया है.

आईपीएस अजयपाल शर्मा का वीडियो वायरल

पश्चिम बंगाल में चुनावी दौर चल रहा है. इस चुनाव में उत्तर प्रदेश से आब्जर्वर बनकर गए आईपीएस अजयपाल शर्मा को एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो में आईपीएस अजयपाल शर्मा टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के घर पहुंचकर परिजनों को धमका रहे हैं. वह कह रहे हैं कि “ये जहांगीर के घर वाले भी खड़े हैं, उसको बता देना कायदे से. ये बार बार जो खबरें आ रही है कि उसके लोग धमका रहे हैं तो फिर अच्छे से खबर लेंगे. फिर बाद में रोना पछताना मत.”

इस वायरल वीडियो पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने आब्जर्वर के नाम पर बंगाल में अपने एजेंट भेजा है. अखिलेश यादव ने कहा कि इस एजेंट को बीजेपी ने पहले रामपुर व संभल में टेस्ट किया और अब बंगाल भेजा है. लेकिन बीजेपी को समझ लेना चाहिए कि बंगाल में इनसे कुछ नहीं होना. वहां दीदी हैं, और आगे भी दीदी ही रहेंगी.

अखिलेश ने दी चेतावनी

इसी के साथ अखिलेश ने भी चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सही समय आने पर बीजेपी और उसके संगी-साथियों का भी हिसाब होगा. इनके आपराधिक करतूतों की गहरी जांच होगी. इसके बाद बेहद सख़्त दंडात्मक कार्रवाई भी होगी. अखिलेश ने कहा कि ये सब अधिकारी के रूप में अनरजिस्टर्ड लोगों के अनरजिस्टर्ड अंडरग्राउंड सदस्य हैं. हम इन्हें न भागने देंगे और ना ही भूमिगत होने देंगे.

बताया लोकतंत्र के अपराधी

अखिलेश यादव ने इन्हें लोकतंत्र के अपराधी बताते हुए कहा कि समय आने पर ये खोज के लाए जाएंगे, खोद के लाए जाएंगे. इन्हें अपने कुकृत्यों के लिए उचित सजा भी मिलेगी. दरअसल, बंगाल चुनाव में फलता विधानसभा सीट से मैदान में उतरे टीएमसी प्रत्याशी जहांगीर खान पर लोगों को डराने धमकाने के आरोप लग रहे हैं. इस संबंध में चुनाव आयोग के पास कई शिकायतें पहुंची हैं. इन्हीं शिकायतों को देखते हुए आईपीएस अजय पाल शर्मा दल बल के साथ जहांगीर खान के घर पहुंचे थे.

एसपी को थमाया नोटिस

जहांगीर खान को वाई कैटेगरी की सुरक्षा प्राप्त है. वहीं जब अजयपाल शर्मा उसके घर पहुंचे तो बंगाल पुलिस के 14 जवान तैनात मिले. कायदे से उसे सुरक्षा के लिए 10 जवान मिलने चाहिए थे. इस पर अजयपाल शर्मा ने संबंधित एसपी को नोटिस जारी कर अतिरिक्त जवानों की तैनाती पर जवाब तलब किया है. उन्होंने पूछा है कि आखिर किसके आदेश पर 4 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती हुई. बता दें कि प्रयागराज में जॉइंट सीपी के पद पर तैनात अजयपाल शर्मा के नाम सौ से अधिक एनकाउंटर का रिकार्ड है. उन्हें एक दबंग पुलिस अफसर माना जाता है.

Follow Us