‘गेंद नीचे आ रही है’… कौशल किशोर के पोस्ट से BJP में हलचल, किस पर है निशाना?

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की अंदरूनी सियासत को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक हलकों में सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने बिना किसी का नाम लिए लिखा, ‘गेंद जितनी ऊपर जानी थी चली गई, अब नीचे आ रही है और इसकी स्पीड को कोई कम नहीं कर सकता.’

पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर Image Credit:

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के अंदर सब कुछ ठीक है या नहीं, इस सवाल को पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने फिर हवा दे दी है. कौशल किशोर ने बिना किसी नेता या पद का नाम लिए ऐसा तंज किया है, जिसके सियासी मायने निकाले जा रहे हैं. उन्होंने लिखा, ‘गेंद जितनी ऊपर जानी थी चली गई, अब नीचे आ रही है और इसकी स्पीड को कोई कम नहीं कर सकता.’

पूर्व सांसद कौशल किशोर की इस पोस्ट के सामने आते ही यूपी बीजेपी की अंदरूनी राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहा है कि आखिर ‘गेंद’ किसके लिए है और उसके ऊपर जाने और अब नीचे आने की बात किस सियासी घटनाक्रम की ओर इशारा कर रही है.

बिना नाम लिए बड़ा सियासी इशारा?

कौशल किशोर ने अपनी पोस्ट में किसी नेता, अधिकारी या सरकार का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया है, लेकिन पोस्ट के समय और भाषा को देखते हुए इसे पार्टी नेतृत्व पर परोक्ष निशाने के तौर पर देखा जा रहा है. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर भी इस पोस्ट को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.हालांकि, यह साफ नहीं है कि कौशल किशोर का इशारा आखिर किस व्यक्ति या घटनाक्रम की तरफ है. खुद कौशल किशोर ने भी अभी तक इस पोस्ट की कोई स्पष्ट राजनीतिक व्याख्या नहीं की है.

चुनाव से पहले BJP में अंदरूनी खींचतान की चर्चा

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी संगठन स्तर पर लगातार तैयारियां कर रही है. हाल ही में पार्टी ने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया है. ऐसे समय में पार्टी के वरिष्ठ नेता की ओर से आया यह तंज कई सवाल खड़े कर रहा है. कौशल किशोर बीजेपी के पुराने और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं और केंद्र सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. ऐसे में उनकी सोशल मीडिया पोस्ट को सामान्य टिप्पणी मानने के बजाय राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

पत्नी BJP विधायक, फिर पोस्ट पर क्यों उठे सवाल?

कौशल किशोर के परिवार का भी बीजेपी से सीधा राजनीतिक जुड़ाव है. उनकी पत्नी जया देवी वर्तमान में मलिहाबाद सीट से बीजेपी विधायक हैं. हाल में ही मंदिर में पूजा को लेकर जया देवी ने भेदभाव का आरोप लगाया था, जिसके बाद काफी हंगामा हुआ था. बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद से कौशल किशोर काफी नाराज थे. हालांकि, मंत्री असीम अरुण ने जया देवी को फिर से उसी मंदिर में ले जाकर पूजा-अर्चना कराई थी.

BJP की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं

कौशल किशोर की पोस्ट पर बीजेपी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन चुनावी साल से पहले इस पोस्ट ने पार्टी के अंदरूनी समीकरणों को लेकर चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है. सवाल अब यही है कि कौशल किशोर की ‘गेंद’ वाली पोस्ट महज एक राजनीतिक तंज है या बीजेपी की अंदरूनी राजनीति को लेकर कोई बड़ा संकेत?

Follow Us