‘राहुल- अखिलेश ने लोकसभा चुनाव में महापाप किया था’…केशव प्रसाद मौर्य बोले- कांग्रेस-सपा मुक्त होगा होगा यूपी

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा है कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव की 'जोड़ी' ने 2024 के लोकसभा चुनाव में संविधान और आरक्षण समाप्त करने का 'झूठा ढिंढोरा' पीटकर जनता को गुमराह करने का 'महापाप' किया था.यदि यह दुष्प्रचार नहीं किया गया होता, तो उत्तर प्रदेश में दोनों दलों का खाता भी बमुश्किल ही खुल पाता.

केशव प्रसाद मौर्य, राहुल गांधी और अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बीच सोशल मीडिया पर तीखी सियासी जंग देखने को मिल रही है. दोनों एक दूसरे पर तंज कसने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं. अब केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर अखिलेश यादव के साथ-साथ राहुल गांधी को अपने निशाने पर लिया है.

राहुल-अखिलेश ने जनता को गुमराह किया-केशव मौर्य

केशव प्रसाद ने अपने X अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘ कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और सपा बहादुर अखिलेश यादव की ‘जोड़ी’ ने 2024 के लोकसभा चुनाव में संविधान और आरक्षण समाप्त करने का ‘झूठा ढिंढोरा’ पीटकर जनता को गुमराह करने का ‘महापाप’ किया था.

‘बिना दुष्प्रचार के दोनों दलों का खाता भी नहीं खुलता’

उन्होंने आगे लिखा कि यदि यह दुष्प्रचार नहीं किया गया होता, तो उत्तर प्रदेश में दोनों दलों का खाता भी बमुश्किल ही खुल पाता. लेकिन अब दोनों की पोल खुल चुकी है. वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता इन दोनों का असली चेहरा पूरी तरह बेनकाब कर देगी और प्रदेश कांग्रेस-सपा मुक्त होगा.

जनता भ्रम में नहीं विकास पर भरोसा करती है-केशव

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार के बाद असम और पश्चिम बंगाल की तरह उत्तर प्रदेश में भी ‘कमल ही कमल’ खिलेगा. जनता अब भ्रम नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है.

अखिलेश लगातार कसते रहे हैं केशव प्रसाद मौर्य पर तंज

हाल ही में अखिलेश यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक एक साथ उद्यान में चलते नजर आ रहे हैं. वीडियो के साथ उन्होंने साफ लिखा कि दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती. अखिलेश यादव ने इसे स्टूल वाली राजनीति से जोड़कर भाजपा के गठबंधन या दोहरी कमान पर सवाल खड़े किए थे.

Follow Us