लखनऊ: फिर चर्चा में KGMU में बनी मजार, हरमैन शाह मजार के पास दोबारा कब्जा
लखनऊ के केजीएमयू में रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए हरमैन शाह मजार के पास बांस और बल्ली लगाकर दोबारा कब्जा कर लिया गया है.फिलहाल, KGMU प्रशासन ने इसकी शिकायत पुलिस से करते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है.
लखनऊ के केजीएमयू परिसर के अंदर स्थित हरमैन शाह मजार के पास फिर अवैध कब्जा करने की कोशिश की गई. यहां बांस बल्ली लगाकर इलाके को घेरने की कोशिश की गई. इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर एक साल पहले इस मजार से कब्जा हटाया गया था. इस जगह पार्किंग बनाई गई थी. अब एक बार फिर बिल्कुल उसी जगह अवैध कब्जा करने की कोशिश की गई है.
केजीएमयू प्रशासन ने कहा कि कब्जेदारों ने होली पर गाड़ियां कम होने का फायदा उठाया. रात के अंधेरे में मजार के पास बांस बल्ली लगाकर कब्जा कर लिया. फिलहाल, KGMU प्रशासन ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी है. केजीएमयू प्रशासन ने अपने लिखित शिकायत में हरमैन शाह मजार के पास कब्जा हटाने के लिए त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है.
शिकायत के बाद कब्जे वाली जगह पहुंची पुलिस
केजीएमयू प्रशासन कहा है कि परिसर में मरीजों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए ऐसी किसी भी गतिविधि को बिना देरी के रोका जाएगा. वैसे भी केजीएमयू को लगातार विवादों में बना हुआ है. ऐसे में हरमैन शाह मजार पर दोबारा कब्जे की कोशिश ने प्रशासन को अलर्ट कर दिया है. पुलिस कब्जे वाली जगह पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है.
हाजी हरमैन शाह मजार को भी प्रशासन ने भेजा था नोटिस
लखनऊ के KGMU कैंपस में बनी छह मजारों को लेकर प्रशासन और मजार समितियों के बीच विवाद हो गया. प्रशासन ने इस 6 मजारों को नोटिस देकर अपने दस्तावेज पेश करने के लिए कहा था. इसमें हाजी हरमैन शाह बाबा की मजार को भी नोटिस दिया गया था.
जवाब ना देने पर प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की दी थी चेतावनी
प्रशासन ने मजार समितियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर सिर्फ एक मजार समिति ने जवाब दिया, जबकि बाकी पांच समितियों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. इसके बाद 9 फरवरी 2026 को पांच मजार समितियों को दूसरा नोटिस जारी किया गया था. प्रशासन ने कहा था कि अगर तय समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो 15 दिनों के भीतर ध्वस्तीकरण और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
