खामनेई पर विवादित पोस्ट करना पड़ा महंगा, सहारनपुर में तीन युवक गिरफ्तार; कई अकाउंट भी ब्लॉक
ईरान के सुप्रीम लीडर खामनेई को लेकर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. इस पोस्ट से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था. पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा है.
ईरान से जुड़े घटनाक्रम पर विवादित पोस्ट को लेकर पुलिस लगातार चेतावनी दे रही है. इस बीच वायरल पोस्ट के खिलाफ सहारनपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया. थाना नानौता क्षेत्र में इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. इससे पहले इन तीनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. ऐसे पोस्ट से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था.
ईरान के सुप्रीम कमांडर अयातुल्ला अली खामनेई को लेकर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने आक्रोश फैल गया था. बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे थे. थाना नानौता में इसको लेकर बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था. वहीं अब पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा है.
विवादित वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर की थी वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से लोगों की भावनाएं आहत हो रही थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की. एसएसपी सहारनपुर अभिनंदन के निर्देश पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले की पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी कर रही है. साथ ही लोगों को चेतावनी दी जा रही है.
इसी कड़ी में शुक्रवार को थाना नानौता पुलिस ने उन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने ईरान के सुप्रीम कमांडर खामनेई को लेकर एक विवादित वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल की थी. गिरफ्तार आरोपियों में रुद्राक्ष पुत्र कृष्ण सिंह निवासी मिल कॉलोनी, प्रशांत पुत्र रामकरण निवासी मुस्कीपुर और अमित राणा पुत्र सुशील राणा थाना बड़गांव शामिल हैं.
भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली पोस्ट पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने तीनों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई की है. साथ ही तीनों को कोर्ट के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी धर्म या व्यक्ति विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की.
