सिर्फ 25 फीसदी डाउन पेमेंट और मिल जाएगी अपने घर की चाबी, बसंतकुंज योजना में LDA की सौगात
लखनऊ में अपने घर का सपना अब आसान होने वाला है. LDA की बसंतकुंज योजना में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सिर्फ 25% डाउन पेमेंट पर तुरंत घर का कब्जा मिलेगा. शेष राशि 7 साल की 84 किश्तों में चुकाई जा सकेगी. इसकी मासिक EMI मात्र 5,428 रुपये होगी. 1822 आवंटियों को यह सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें किराए के झंझट से मुक्ति मिलेगी.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपने घर का सपना देखने वालों के लिए एक अच्छी खबर है. यहां लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की बसंतकुंज योजना में महज 25 फीसदी के डाउन पेमेंट पर ही अपने घर की चाबी हाथ में आ जाएगी. यह सुविधा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर खरीदने वालों को मिलने वाली है. इसके लिए एलडीए ने योजना तैयार कर ली है. एलडीए की योजना के मुताबिक इस योजना में डाउन पेमेंट करने के साथ ही लोगों को किराए के घर में रहने की जरूरत नहीं रहेगी.
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर एलडीए ने प्राधिकरण भवन में 30 जून से 2 जुलाई 2026 तक 3 दिवसीय स्पेशल कैंप लगाने का फैसला किया है. इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को भवन के मूल्य की 25 प्रतिशत धनराशि जमा कराई जाएगी. इसके बाद भवन का भौतिक कब्जा दे दिया जाएगा. एलडीए उपाध्यक्ष के मुताबिक इस संबंध में प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में पहले प्रस्ताव पारित हो चुका है.
सभी 1822 आवंटियों को मिलेगी सुविधा
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक जुलाई 2025 एवं फरवरी 2026 में बसंतकुंज योजना की लॉटरी निकाली गई थी. इसमें 1822 लोगों को सेक्टर-आई में प्रधानमंत्री आवास आवंटित किए गए हैं. एलडीए की ओर से हाल ही में इन सभी आवंटियों को आवंटन पत्र भी जारी कर दिया गया. अब इन सभी आवंटियों को लिए प्राधिकरण ने व्यवस्था दिया है कि वह कुल धनराशि का 25 प्रतिशत डाउन पेमेंट कर भवन का कब्जा प्राप्त कर सकते हैं.
साढ़े पांच हजार से कम होगी ईएमआई
इस योजना के तहत भवन की कुल कीमत 4 लाख 79 हजार 550 रुपये पड़ी है. इसका 25 प्रतिशत राशि धनराशि जमा करना है. इसके बाद शेष राशि को 7 साल की 84 किश्तों में जमा करना है. प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक जीएसटी, अनुरक्षण शुल्क, कॉर्पस फंड समेत अन्य शुल्क मिलाकर आवंटियों की ईएमआई 5,428 रुपये की होगी. मकान पर कब्जा प्राप्त करने के बाद उन्हें इतनी राशि हर महीने जमा करनी होगी.