लखनऊ में इन 5 जगह पर LDA बनाएगा 3000 सस्ते फ्लैट, कीमत 8 लाख से शुरू
लखनऊ में कम बजट में अपना घर लेने का सपना साकार होने वाला है. LDA मध्यम और निम्न आय वर्ग के लिए बड़ी आवासीय योजना लाई है. शहर के पांच प्रमुख स्थानों पर 3000 से ज्यादा सस्ते फ्लैट बनाए जाएंगे, जिनकी शुरुआती कीमत मात्र 8 लाख रुपये होगी. इससे सीमित आय वाले परिवारों का सपना पूरा होगा.
लखनऊ में सीमित आय वाले परिवारों को अपना घर खरीदने का सपना साकार होने वाला है. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) शहर के पांच प्रमुख स्थानों पर 3000 से अधिक सस्ते फ्लैट बनाएगा. यह योजना खासकर मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है. इन फ्लैट्स की शुरुआती कीमत महज 8 लाख रुपये होगी.
यह पहल राजधानी लखनऊ में सस्ते घरों की बढ़ती मांग को देखते हुए शुरू की गई है. अधिकारियों ने इन सभी जगहों का मुआयना कर लिया है और ज़मीन को फ़ाइनल कर दिया है. अब एक डिटेल्ड प्रोजेक्ट प्लान तैयार किया जा रहा है. खास बात यह है कि यह प्रोजेक्ट ऐसी जगह पर बनाया जा रहा है जहां पहले से ही बेसिक सुविधाएं मौजूद हैं.
LDA इन पांच स्थानों पर बनाएगा 3000 सस्ते फ्लैट
LDA की ओर से लखनऊ के पांच स्थानों पर 3000 से अधिक सस्ते फ्लैट बनाने की तैयारी है. इसमें मोहन रोड में अनंत नगर योजना, वसंत कुंज योजना, सेक्टर-एच, शारदा नगर विस्तार में एलआईजी और EWS फ्लैट्स, ऐशबाग में मदरसे के पीछे की जमीन पर LIG फ्लैट और सीतापुर रोड शिया डिग्री कॉलेज के सामने खाली पड़ी जमीन पर फ्लैट बनाने की योजना है.
LDA की ओर से इन य़ोजनाओं को पहले ही मंजूरी मिल गई है. इसके अलावा स्थल चयन का काम भी पूरा हो चुका है और निर्माण के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है. लखनऊ के पांच स्थानों पर एलआईजी और ईडब्ल्यूएस दोनों श्रेणियों के लिए मकान बनाए जाएंगे, जिससे कमजोर वर्ग के लोगों को अपना घर लेने का सपना साकार हो पाएगा.
अटल नगर योजना में 630 फ्लैट के लिए पंजीकरण शुरू
इसके अलावा, कम बजट में अटल नगर आवासीय योजना में फ्लैट लेने का बेहतरीन अवसर है. यहां, 630 फ्लैट्स के लिए पंजीकरण शुरू हो चुके हैं और आवेदन करने की लास्ट डेट 18 मई, 2026 तक है. इसका लोकेशन देवपुर पारा में आलमबाग नहरिया के पास है. अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री – 1800-1800-5000 पर संपर्क कर सकते हैं.
