अचानक बेहोश हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, तबियत बिगड़ने पर मेदांता में एडमिट
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अचानक तबीयत बिगड़ गई. लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान अजय राय अचानक बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें तत्काल मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इमरजेंसी में एक्सपर्ट डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान अचानक बेहोश हो गए. तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तत्काल मेदांता हॉस्पिटल में इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है. मेदांता लखनऊ के निदेशक डॉ.राकेश कपूर ने बताया कि डॉक्टरों की टीम उनकी गहन निगरानी कर रही है, कई विभागों के एक्सपर्ट्स को तैनात कर दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस मुख्यालय में शिक्षा चिकित्सा सम्मेलन कार्यक्रम के दौरान अजय राय की तबीयत बिगड़ी थी. इस दौरान उन्हे बेचैनी, दर्द और तकलीफ की शिकायत हुई और कुछ ही देर में वो बेहोश हो गए. लखनऊ में कांग्रेस ने श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर शिक्षक और चिकित्सक सम्मेलन का आयोजन किया था.
सीने में दर्द, बेचैनी और बेहोशी की शिकायत
कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित सम्मेलन में दिल्ली से अविनाश पांडेय और सुप्रिया श्रीनेत समेत कई नेताओं ने हिस्सा लिया था. अजय राय कांग्रेस यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय को कार्यक्रम के बाद एयरपोर्ट ड्राप करने गए थे. उसके बाद पार्टी ऑफिस में गए, जहां पर दूसरा कार्यक्रम चल रहा था, तब ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचानक बेहोश हो गए.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के सीने में बेचैनी और दर्द की शिकायत है, आनन-फानन में उन्हें तुरंत मेदांता हॉस्पिटल ले जाया गया. मेदांता लखनऊ के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को लाया गया है. सीने में दर्द, बेचैनी और बेहोशी की शिकायत के बाद इमरजेंसी में भर्ती किया गया.
ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया
डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि अभी एक्सपर्ट डॉक्टर की निगरानी में इलाज शुरू किया गया है. इमरजेंसी में भर्ती होने के बाद अजय राय का ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा गया है. ट्रॉप टी और ट्रॉप आई की जांच भी कराई जा रही है. फिलहाल, कार्डियोलॉजिस्ट और ICU हेड मौके पर मौजूद है. कई विभागों के एक्सपर्ट्स इलाज के लिए तैनात हैं.
