मलबा-पानी बना काल! चमोली की THDC टनल में 7 मजदूरों की मौत, 17 बाहर निकले; रेस्क्यू जारी
चमोली में THDC की निर्माणाधीन टनल में मलबा-पानी घुसने से भीषण हादसा हुआ. इसमें अबतक 7 मजदूरों की दुखद मौत हो गई हैं. सेना, NDRF, SDRF सहित कई टीमें रेस्क्यू में जुटी हुई हैं. मुख्यमंत्री धामी ने आपात बैठक बुलाई और खुद भी चमोली के लिए रवाना हुए हैं.
उत्तराखंड के चमोली जिले के मायापुर (पीपलकोटी) में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया. यहां THDC की निर्माणाधीन टनल में अचानक मलबा और पानी घुसने से कई मजदूर अंदर फंस गए. हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 17 मजदूरों को बाहर निकाला जा चुका है. टनल के अंदर अभी भी एक मजदूर के फंसे होने की आशंका है.
एसपी सुरजीत सिंह पंवार के मुताबिक, चमोली के THDC की निर्माणाधीन टनल में गुरुवार शाम करीब 7 बजे के बीच अचानक मलबा और पानी घुस आया. टनल के करीब 1.8 किलोमीटर अंदर मलबा और पानी आने की सूचना मिली थी. घटना के वक्त टनल के अंदर करीब 22 मजदूर निर्माण कार्य में जुटे थे. रेस्क्यू टीमों ने 17 मजदूरों को बाहर निकाल लिया है.
7 मजदूरों की मौत, 14 घायल अस्पताल में
आपदा प्रबंधन की ओर से अब तक 7 मजदूरों की मौत की पुष्टि की गई है. इनमें टिहरी निवासी प्रदीप सिंह पवार (31), चमोली के उर्गम निवासी मुकेश, बिहार के दुर्लभ शर्मा, झारखंड के विजय (28) और जितेन्द्र कुमार शामिल हैं. इसके अलावा लोकेश्वर और भुनेश्वर का भी नाम है. वहीं 14 घायल मजदूरों को जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है.

साथ ही दो गंभीर घायल को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किए जाने की जानकारी है. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं थी. इसके बाद NDRF, SDRF, ITBP, सेना, CISF, CRPF और स्थानीय पुलिस की टीमें भी राहत और बचाव अभियान में जुट गईं. टनल के अंदर बचाव अभियान लगातार जारी है.
CM धामी ने बुलाई आपात बैठक
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपात परिचालन केंद्र में अधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने राहत और बचाव कार्य को युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से टनल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा है.
सीएम धामी खुद भी चमोली के पीपलकोटी के लिए रवाना हुए हैं., जहां वह घटनास्थल का जायजा लेंगे. वहीं, कैबिनेट मंत्री और चमोली जिले के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि ज्यादातर लोगों को बाहर निकाल लिया गया है और जो लोग अभी भी अंदर फंसे हो सकते हैं, उनकी तलाश की जा रही है.
रिपोर्ट- अवनीश पाल, टीवी9, चमोली
