CM कार्यालय में भी LPG संकट, UP लोकभवन की कैंटीन पर लगा ताला
यूपी लोकभवन में LPG गैस सप्लाई प्रभावित होने से कैटीन बंद हो गयी है. बता दें कि लोकभवन वह जगह है, जहां मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव सहित तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बैठते हैं.
ईरान-अमेरिका युद्ध की शरुआत के बाद से ही भारत समेत कई देशों में LPG गैस सप्लाई प्रभावित हुई है. देश के कई राज्यों में LPG संकट लगातार बढ़ते ही जा रहा है. यूपी में भी एलपीजी को लेकर आए दिन किल्लत की खबरें आती रही हैं. गैस एजेंसियों पर लंबी लाइनें भी देखी गई है. अब इसका असर सरकार पर भी पड़ता दिख रहा है. लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय लोकभवन में LPG गैस सप्लाई प्रभावित होने से कैटीन बंद हो गयी है.
लोकभवन में बैठते हैं सीएम योगी
लोकभवन वह जगह है, जहां मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव सहित तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बैठते हैं.वहां एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल पाने के चलते कैंटीन बंद होने की खबर अब सचिवालय की चर्चा बन गई है. कैंटीन में रोजाना नाश्ता करने आने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों एलपीजी संकट दूर कराते हुए इसे तत्काल खुलवाने की मांग की है.
कैंटीन संचालकों से की जा रही बात
लोकभवन में एलपीजी संकट पर सचिवालय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव मनीष चौहान मे कहा कि कैंटीन संचालकों से बात कर उनकी दिक्कतें दूर कराई जाएंगी. बता दें कि इस कैंटीन में बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी चाय, नाश्ते के अलावा रोजाना लंच भी करते हैं.
होटल रेस्टोरेंट कारोबार पर मार
बता दें कि इससे पहले एलपीजी सप्लाई प्रभावित होने के चलते केजीएमयू की कैंटीन के भी प्रभावित होने की सूचना आई थी. हालांकि, SGPGI, KGMU जैसे चिकित्सा संस्थानों और सभी शैक्षणिक संस्थानों को 100% निर्बाध आपूर्ति जारी रखने के निर्देश दिए गए थे. लेकिन होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए सिलेंडर की सप्लाई पर भी रोक लगा दी गई थी. इससे खानपान के कारोबार करने वालों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है.
शादियों पर भी मार
एलपीजी की किल्लत होने के चलते शादियों पर भी भारी मार पड़ी है. कैटरर्स की तरफ से शादियों का ऑर्डर लेना बंद किया जा चुका है. हालांकि, कई जगहों पर भट्ठी जैसे वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है. इस बीच गैस एजेंसियों में एलपीजी लेने वालों की लगातार भीड़ देखी जा रही है.